भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बुधवार को दो हजार रुपये के जाली नोटों की पहली बड़ी खेप बरामद की है। बीएसएफ सूत्रों ने बताया कि दो हजार रुपये के 100 नोट मालदा जिले में कालियाचक ब्लाक के चुड़ीयांतपुर से बरामद किए गए।
इन नोटों को सीमा पार से कंटीले तारों की बाड़ के ऊपर से भारतीय सीमा में फेंका गया था। यहां से किसी भारतीय एजेंट को इसे दूसरी जगह ले जाना था। लेकिन जहां इन नोटों को फेंका गया वहां सुरक्षा बल के जवान मौजूद थे। उन्होंने फौरन इसे जब्त कर लिया।
नोटों की बरामदगी मंगलवार को 21 साल के उमर फारूक की गिरफ्तारी के अगले दिन ही हुई है। सुरक्षा एजेंसियों को नकली नोटों के कारोबार के सिलसिले में भारतीय नागरिक उमर की तलाश थी। सूत्रों ने बताया कि उमर को मालदा जिले के गोपालगंज से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह दो हजार के नकली नोट का नमूना लेकर किसी दूसरे एजेंट से मुलाकात करने जा रहा था।