महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : ANI (File Photo)
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने साल 2019 में शिवसेना के साथ गठबंधन को बड़ी भूल बताया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ गठबंधन करने का फैसला सही नहीं था। भाजपा साल 2019 के विधानसभा चुनाव अकेले लड़ती तो हमें 150 से ज्यादा सीटें मिलतीं।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मुंबई भाजपा कार्यालय में सेवा सप्ताह वर्चुअल रैली आयोजित की गई थी। इस दौरान फडणवीस ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले वरिष्ठ पत्रकार भाऊ तोरसेकर ने एक किताब लिखी थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव में भाजपा अकेले लड़ेगी तो 150 से ज्यादा सीटें जीतेगी और यदि शिवसेना के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ेगी तो 200 से ज्यादा सीटें जातेगी।
लेकिन भाजपा ने शिवसेना के साथ गठबंधन के विकल्प को स्वीकार किया। यदि शिवसेना से गठबंधन नहीं करते तो भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 150 सीटें मिल जातीं। फडणवीस ने कहा, तोरसेकर ने मोदी के बारे में भी दो भविष्यवाणी की थीं जो सच साबित हुईं। उन्होंने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने और साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलने का दावा किया था।
यदि भाजपा विधानसभा चुनाव में शिवसेना से गठबंधन नहीं करती तो तोरसेकर की यह भविष्यवाणी भी सही साबित होती।
भारतीय सैनिकों ने 100 से ज्यादा चीनी सैनिक मारे
फडणवीस ने कहा कि भारत-चीन सीमा विवाद में गलवान घाटी में झड़प के के दौरान भारत के 20 जवान शहीद हुए थे। लेकिन भारतीय सैनिकों ने चीन के 100 से अधिक जवानों को मार गिराया था। चीन सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार नहीं कर पाया। फडणवीस ने दावा किया कि भारत ने चीन को एक इंच भी जगह पर कब्जा करने नहीं दिया है।