श्रीलंका में 21 अप्रैल को ईस्टर संडे के दिन हुए आत्मघाती और सिलसिलेवार धमाकों में करीब 253 लोगों की मौत हो गई और 500 लोग घायल हुए। इस घटना से सोशल मीडिया पर ना केवल लोगों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्ति कीं बल्कि उनमें आतंकियों के लिए भारी गुस्सा भी था।
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं, जिन्हें श्रीलंका के मृतकों से जोड़ा जा रहा है। लोग ताबूतों की कुछ तस्वीरों को लोग खूूब शेयर कर रहे हैं। पहली तस्वीर में जमीन पर ताबूत बिछे हुए हैं और दूसरी में लोगों ने हाथों में ताबूतों को उठाया हुआ है।
इन ताबूतों के पास भारी भीड़ भी नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग इन तस्वीरों को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि ये श्रीलंका हमले के बाद की हैं। लेकिन हमारी पड़ताल में सामने आया है कि ये तस्वीरें श्रीलंका हमले के बाद नहीं हैं बल्कि 13 साल पुरानी हैं।
हैरानी की बात तो ये है कि इन तस्वीरों को उन पेजों द्वारा शेयर किया जा रहा है, जिनके हजारों की संख्या में फॉलोअर्स हैं। इन तस्वीरों की पड़ताल में पता चला है कि ये जून, 2006 की हैं।
तब एक बारूदी सुरंग फटने से 64 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में लिट्टे का हाथ बताया गया था, हालांकि लिट्टे ने इसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। वहीं शेयर की जा रही दूसरी तस्वीर भी इसी घटना की है।
21 अप्रैल को राजधानी कोलंबो सहित कई अन्य जगहों पर बम धमाके हुए। आत्मघाती हमलावरों ने चर्च और फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाया था।