लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, चुनाव संबंधी खबरों और जरुरी सूचनाओं के साथ अफवाहें भी तेजी से फैल रही हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर मतदाताओं के ऑनलाइन वोटिंग की एक अफवाह वायरल हो रही है।
इस वायरल मैसेज के अनुसार आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय पासपोर्टधारकों के लिए ऑनलाइन मतदान की सुविधा होगी। मैसेज में लिखा है कि जिन लोगों के पास इंडियन पासपोर्ट है, वे आगामी चुनावों में ऑनलाइन वोट कर सकते हैं। साथ ही इस मैसेज में निर्वाचन आयोग के नाम की एक गलत लिंक दी गई है और लोगों से उस लिंक पर बतौर एनआरआई रजिस्टर करने की अपील भी की गई है। यह मैसेज फेसबुक, वॉट्सएप और अन्य सोशल साइटों पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट पर इन मैसेजों का खंडन किया है। आयोग ने ऐसे झूठ से सावधान रहने का निर्देश दिया है। आयोग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी भी श्रेणी में आने वाले मतदाताओं के लिए ऑनलाइन वोटिंग की किसी प्रकार की सुविधा नहीं है।
मालूम हो कि इससे पहले अप्रवासी भारतीयों के बारे में भी गलत खबर फैली थी कि एनआरआई अपने पासपोर्ट के आधार पर ऑनलाइन मतदान कर सकते हैं। आयोग ने इस पर कहा कि अप्रवासी भारतीय nvsp.in पर या मतदाता हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से पंजीकरण के लिए अर्जी डाल सकते हैं और मतदान के दिन वे अपने बूथ में ही मतदान कर सकते हैं। इस दौरान उनके पहचान पत्र के तौर पर उनका पासपोर्ट स्वीकार्य होगा।