उत्तर बंगाल में कोच राजबंशियों के लिए अलग राज्य की मांग कर रहा उग्रवादी संगठन कामतापुर लिबरेशन आर्गनाइजेशन (केएलओ) राज्य में हमलों की योजना बना रहा है। केंद्रीय खुफिया एजंसियों ने सेना व सुरक्षा बलों को यह चेतावनी दी है। सरकारी सूत्रों ने यहां इसकी जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि
केंद्रीय एजंसियों ने गंगासागर मेले के कुछ दिनों पहले ही इस आशय का अलर्ट जारी किया था। खुफिया एजंसियों का कहना है कि बीते कुछ समय के दौरान इस उग्रवादी संगठन का काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लेकिन अब वह अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए राज्य के विभिन्न स्थानों पर हमले कर सकता है।
केएलओ के संबंध पूर्वोत्तर के दूसरे उग्रवादी गुटों से हैं। इसके काडरों ने म्यांमार स्थित शिविरों में हथियारों व बम विस्फोटों की ट्रेनिंग ली है। सूत्रों का दावा है कि केएलओ ने हाल के महीनों में संगठन में उत्तर बंगाल से युवाओं की भर्ती का अभियान चलाया है। इसके साथ ही उसने इलाके के चाय बागानों व व्यापारियों से जबरन उगाही भी तेज कर दी है। इससे साफ है कि वह आने वाले दिनों में बड़े हमले की योजना बना रहा है।