विदेश मंत्री सुषमा स्वराज मंगलवार, 6 फरवरी को सऊदी अरब की यात्रा पर जाएंगी। 6-8 फरवरी की अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान स्वराज खाड़ी देशों के प्रतिष्ठित महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि स्वराज 7 फरवरी को जनाद्रियाह महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।
सऊदी नेशनल गार्ड के मंत्री प्रिंस खालिद बिन अब्दुलाजिज बिन मोहम्मद बिन एयाफ अल-मुक्रिन अल-सऊद के साथ एक संयुक्त प्रेस सम्मेलन करते हुए विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि इस महोत्सव में भारत की भागीदारी बहुआयामी होगी। हमारे पास एक भारतीय मंच होगा जहां पर हम कई भारतीय विषयों और योजनाओं को पेश करेंगे।
भारत को एक मेहमान देश के तौर पर महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। सिंह ने कहा कि हम सऊदी अरब शासन के साथ अपने बहुत गहरे सभ्यतागत और सामरिक संबंधों को महत्व देते हैं।