तीन साल बाद दिल्ली से मुंबई की दूरी सड़क मार्ग से महज 12 घंटे में पूरी हो जाएगी। इसके लिए बनाया जा रहा दिल्ली मुंबई ग्रीन एक्सप्रेस वे से दोनों महानगरों की दूरी 120 किलोमीटर कम हो जाएगी। इस ग्रीन एक्सप्रेस वे पर इलेक्ट्रिक ट्रेन की तर्ज पर ट्रक चलाए जाएंगे। इस आशय की जानकारी सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को लोकसभा में दी।
अमेरिका, जर्मनी, स्वीडन जैसे देशों का हवाला देते हुए गडकरी ने कहा कि इस हाईवे पर बिजली से इलेक्ट्रिक ट्रक चलाया जाएगा। इसके लिए रेल पटरी के तर्ज पर हाईवे केऊपर बिजली के तार लगे होंगे। इससे इलेक्ट्रिक ट्रक सौ किमी प्रति घंटे के रफ्तार से दौड़ेगा। ट्रक में बैट्री भी लगी होगी जो चलते समय चार्ज होती रहेगी। परिवहन खर्च में भारी कटौती होगी। वर्तमान में एक ट्रक एक लीटर डीजल (कीमत 65 रुपये) में 12 किमी की दूरी तय करती है। जबकि इलेक्ट्रिक से चलने वाला ट्रक न सिर्फ ज्यादा माल ढोएगा, बल्कि महज 12 से 15 रुपये में 20 किमी की दूरी तय करेगा। इससे परिवहन खर्च में कम से कम पांच गुना कमी आएगी।
एक सवाल के जवाब में गडकरी ने टोल वसूले जाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर नई सड़क चाहिए, पुरानी सड़कों की मरम्मत चाहिए तो टोल जरूरी है। इसी टोल के जरिए सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाने में कामयाबी हासिल कर रही है।