लोकसभा में पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में आचार समिति के सदस्य बैठक में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के समर्थन और विरोध में बंट गए। महुआ से पूछताछ के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच शुरू हुई नोकझोंक हंगामे में बदल गई। विपक्ष ने समिति के सत्ता पक्ष के सदस्यों पर महुआ से आपत्तिजनक सवाल पूछने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। विवाद के बाद कमेटी ने अब बिना किसी को बुलाए लोकसभा अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट सौंपने का फैसला किया है।
लोकसभा एनेक्सी में हुई बैठक में पहले महुआ ने समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, विवाद का कारण निजी रिश्ते में आई खटास है। उन्होंने कारोबारी हीरानंदानी के साथ आईडी शेयर करने की बात स्वीकार की। हालांकि, उन्होंने कहा, इसके लिए उन्होंने किसी तरह की रिश्वत नहीं ली। विपक्षी सदस्य बैठक में महुआ के पक्ष में दिखे। उन्होंने कहा, न तो रिश्वत लेने का सबूत है, न ही यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। महुआ ने शिकायतकर्ता जय अनंत देहाद्राई और दर्शन हीरानंदानी से सवाल-जवाब करने की मांग की।
इन सवालों से शुरू हुआ हंगामा
अशोभनीय व्यवहार
महुआ मोइत्रा ने कहा कि मेरे साथ अशोभनीय व अनैतिक व्यवहार किया गया। मुझसे पूछा गया कि रात में किससे बात करती हो? समिति मेरे निजी जीवन को मुद्दा बना रही है। इसलिए मैंने व कई सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया।
वे विवाद चाहते हैं...हम अपना काम करेंगे
अध्यक्ष को कहा-बेहूदा व बेशर्म
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने बताया, महुआ ने सवाल-जवाब के दौरान अध्यक्ष विनोद सोनकर के लिए बेहूदा व बेशर्म शब्द का इस्तेमाल किया। मोइत्रा से एक भी आपत्तिजनक प्रश्न नहीं पूछा गया। समिति में जब हीरानंदानी के हलफनामे पर सवाल शुरू हुए, बैठक का समय बढ़ाने की बात की। इस पर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि मतदान की नौबत आ गई। समय बढ़ाने के खिलाफ पांच व समर्थन में दस वोट पड़े। इसके बाद माहौल खराब हुआ।
विपक्ष के सवाल
दानिश अली, गिरधारी यादव, एन उत्तम कुमार रेड्डी सहित कई विपक्षी सदस्यों ने महुआ का साथ दिया। पूछा, सवाल के लिए रिश्वत ली है, तो वह कहां है? यह राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कैसे है? लॉग-इन मेल और लॉग-इन पोर्टल अलग हैं, पोर्टल में सवाल डालने पर ओटीपी सांसद के फोन पर आता है। पोर्टल पर सिर्फ सवाल भेजे जाते हैं, कोई जानकारी नहीं ली जाती। इसे अपराध कैसे माना जा सकता है?