भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई परिवर्तनकारी नीतियों की प्रशंसा व सराहना की। उन्होंने कहा, भारत व अमेरिका महत्वपूर्ण उभरती प्रौद्योगिकियों से अपना सहयोग बढ़ा रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा, भारत अद्भुत हाथों में है।
भारत-अमेरिकी 5-जी और नेक्स्ट जेनरेशन नेटवर्क वर्कशॉप के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए गार्सेटी ने कहा, 5-जी एक खुले, सुलभ व सुरक्षित प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र की दिशा में सहयोग करने का एक शानदार मौका पेश करता है। यह साझा मूल्यों और साझा प्रणालियों पर बनाया गया है। गार्सेटी ने कहा- भारत इतने अद्भुत हाथों में है। आपके नेतृत्व और परिवर्तनकारी नीतियों के साथ सार्वजनिक-निजी क्षेत्र में जिन्हें लागू किया जा रहा है, वह हर उस चीज को परिभाषित करता है जो इस समय भारत के उदय का हिस्सा है।
उन्होंने भारत-अमेरिका रिश्तों पर कहा कि अमेरिका और भारत का इस मुकाम पर है, जिसे देखकर दुनिया का सबसे रोमांचक गठजोड़ माना जा रहा है। पीएम मोदी की अमेरीकी दौरे पर गार्सेटी ने कहा- हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अगले महीने पीएम मोदी की वाशिंगटन की राजकीय यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।
तत्कालीन दूत केनेथ जस्टर के इस्तीफे के बाद जनवरी 2021 के बाद से ही भारत में अमेरिकी दूतावास बिना राजदूत के था। गार्सेटी ने दिल्ली में अमेरिकी राजदूत के तौर पर 11 मई को पद संभाले थे।