देश में 32 एयरपोर्ट बंद, ऑपरेशन सिंदूर के चलते सख्ती
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबंधित विमानन प्राधिकरणों ने नोटम जारी किया है। इसमें उत्तरी और पश्चिमी भारत में 32 हवाईअड्डों को सभी नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई है। इन हवाई अड्डों में उधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन और जम्मू और जैसलमेर, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर) और लेह शामिल हैं। इसके अलावा, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलाई को भी बंद कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें - Timeline: पहलगाम हमला फिर ऑपरेशन सिंदूर; बिलबिलाए पाकिस्तान का दुस्साहस और भारत का पलटवार; पढ़ें पूरी टाइमलाइन
यात्रियों से अनुरोध- समय से पहले पहुंचे एयरपोर्ट
एयरलाइंस ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे घरेलू उड़ानों के लिए अपनी यात्रा से कम से कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें। इसका मकसद यह है कि कड़े सुरक्षा चेक्स की वजह से यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
यात्रियों के लिए सलाह-
- हवाई अड्डे पर अपनी फ्लाइट के समय से कम से कम 3 घंटे पहले पहुंचें।
- अपने बैग की पैकिंग नियमों का पालन करें।
- सुरक्षा स्टाफ और एयरलाइंस कर्मचारियों के निर्देशों का पूरा सहयोग करें।
- अपनी फ्लाइट की स्थिति ऑनलाइन चेक करते रहें ताकि किसी बदलाव की जानकारी मिल सके।
सुरक्षा के उपाय किए गए सख्त
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने सभी उड़ानों के लिए सेकेंडरी लैडर प्वाइंट चेकिंग यानी फ्लाइट में चढ़ने से पहले एक और बार यात्रियों की जांच अनिवार्य कर दी है। इसके अलावा, अब किसी भी यात्री के रिश्तेदार या मित्रों को एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में जाने की इजाजत नहीं है। कुल मिलाकर, हर तरफ सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें - Pakistan: भीख मांगकर भारत से लड़ना चाह रहा पाकिस्तान, दुनिया के सामने संघर्ष रुकवाने की अपील की
दिल्ली में 90 उड़ानें रद्द
गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट से आने-जाने वाली करीब 90 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। हालांकि, शुक्रवार को स्थिति थोड़ी सामान्य नजर आई, लेकिन यात्रियों से कहा जा रहा है कि वे अपनी फ्लाइट की जानकारी समय-समय पर चेक करते रहें।
स्पाइसजेट ने सेना को कहा धन्यवाद
स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर भारतीय सेना के साहस और वीरता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे जवानों ने अदम्य साहस दिखाया।