वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट के संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए कुछ मानक सूचीबद्ध किए हैं और इनका सख्ती से पालन करने को कहा है। केंद्र ने कहा कि कंटेनमेंट व सक्रिय निगरानी पर ध्यान दें। जांच की गति बढ़ाई जाए और हॉटस्पॉट्स पर लगातार नजर रखी जाए। टीकाकरण तेज करने और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कहा गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने ये मानक जारी करते हुए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर सक्रिय निगरानी, जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए नमूनों को सही तरीके और समय से भेजने के साथ कोरोना अनुरूप व्यवहार का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। भूषण ने कहा कि खतरे वाले और अन्य सभी देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी के लिए डिसीज सर्विलांस नेटवर्क को तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश के भीतर महामारी की उभरती स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी।