मस्क की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं. अभी तक लोग ट्रंप से हुआ विवाद भुला भी नहीं पाए थे. कि उनकी रोबोटैक्सी उनके लिए एक और मुसीबत ले आई. दरअसल, टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की दुनिया में बड़ा दावा करने वाले एलन मस्क की रोबोटैक्सी पर अब सवाल उठने लगे हैं। अमेरिका में नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन ने टेस्ला की सेल्फ-ड्राइविंग रोबोटैक्सी को लेकर औपचारिक जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें टेस्ला की रोबोटैक्सी को गलत लेन में चलते, अचानक ब्रेक लगाते और खतरनाक तरीके से दिशा बदलते देखा गया। अधिकारियों के मुताबिक, इन वीडियो में रोबोटैक्सी का व्यवहार काफी खतरनाक दिख रहा है। इनमें एक वीडियो खास चर्चा में है, जिसमें टेस्ला की कार लेफ्ट टर्न वाली लेन में जाकर सीधे निकलती है और सामने वाली लेन में पहुंच जाती है। उस दौरान कोई दूसरी गाड़ी नहीं थी, लेकिन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह तकनीक सार्वजनिक सड़कों पर बिना प्रशिक्षित ड्राइवर के इस्तेमाल नहीं की जानी चाहिए।
टेस्ला ने नहीं जारी किया कोई बयान
अमेरिका के एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा है कि वह इन घटनाओं को गंभीरता से ले रहा है और टेस्ला से पूरी जानकारी मांगी गई है। हालांकि, मस्क का दावा है कि उनकी रोबोटैक्सी और सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक इंसानी ड्राइवर से ज्यादा सुरक्षित है। टेस्ला ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
टेस्ला के शेयरों पर भी पड़ा इसका असर
टेस्ला के शेयरों में इन घटनाओं का सीधा असर दिखा। सोमवार को जहां कंपनी के स्टॉक में 8% की तेजी आई थी, वहीं मंगलवार को खबरें सामने आने के बाद स्टॉक 2% से ज्यादा गिर गया। कुछ निवेशकों का मानना है कि शुरुआती टेस्ट सफल रहे हैं, लेकिन तकनीकी गड़बड़ियां पूरी तरह खत्म करनी होंगी। वहीं कई तकनीकी जानकार मानते हैं कि जब तक सिस्टम पूरी तरह भरोसेमंद न हो, तब तक सार्वजनिक सड़कों पर इसका इस्तेमाल बंद होना चाहिए।
ये भी पढ़ें: गाजा में बख्तरबंद वाहन में विस्फोट, सात इस्राइली सैनिकों की मौत; हमास ने इमारत पर बोला हमला
मस्क के मुश्किलों भरे दिन
टेस्ला के लिए यह वक्त काफी चुनौतीपूर्ण है। अमेरिका में उनकी पारंपरिक ग्राहक वर्ग यानी पर्यावरण के प्रति जागरूक और उदारवादी लोग, मस्क के राजनीतिक रुख से पहले ही नाराज हैं। यूरोप में भी उनके बयानों और राजनीतिक झुकाव को लेकर ग्राहकों में नाराजगी देखी जा रही है। ऐसे में रोबोटैक्सी प्रोजेक्ट को बड़ी कामयाबी दिलाना मस्क के लिए जरूरी है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका की सख्ती से टूटेगा गठबंधन या और मजबूत होगा पश्चिमी मोर्चा? दांव पर नाटो की साख
ट्रायल पर चलाई जा रही रोबोटैक्सी
गौरतलब है कि टेस्ला की रोबोटैक्सी फिलहाल टेक्सास के ऑस्टिन शहर में ट्रायल के तौर पर चलाई जा रही हैं। मस्क का दावा है कि 2025 के अंत तक वह सड़कों पर सैकड़ों हजार रोबोटैक्सी उतार देंगे। हालांकि, इस क्षेत्र में मस्क अकेले नहीं हैं। अमेजन की कंपनी जूक्स और गूगल की सहयोगी कंपनी वेमो पहले ही कई अमेरिकी शहरों में सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी सेवा शुरू कर चुकी हैं। वेमो ने हाल ही में 1 करोड़वीं सवारी पूरी करने का दावा किया है।