लगातार हो रही मौतों के बाद भी न तो पुलिस प्रशासन जहरीली शराब की बिक्री पर रोक पा रहा है और न ही पीने वाले चेत रहे हैं। सोमवार को अलीगंज क्षेत्र में जहरीली पीने से 11 और लोगों की मौत हो गई है। नौ की एटा और दो की फर्रुखाबाद में मौत हुई हैं। मरने वालों की संख्या 28 से बढ़कर 39 हो गई हैं।
अकेले गांव फरसौली में ही तीन लोगों की मौत हुई है, हालत बिगड़ने पर 20 को सीएचसी सैफई रेफर कर दिया गया। मरने वाले सभी नौ लोगों ने रविवार को जहरीली शराब पी थी। दाउदगंज में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों से गुस्साई महिलाओं ने जाम लगा कर हंगामा किया। उधर, एटा में जहरीली शराब की सप्लाई करने के आरोपी अनिल निवासी गोकुलपुरा को मैनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को जिनकी मौत हुई उनमें गांव फरसौली निवासी अजयपाल (42), श्रीपाल 35), कालीचरन (28), कांशीराम कालोनी निवासी राजकुमार (55), दाउजगंज निवासी शौकीन (45) और दुलारे (50), जैथरा के मरहला निवासी संज (28), बिचपुरी गांव निवासी सुखपाल (40) और रमेश (32) शामिल हैं। इसके अलावा फर्रुखाबाद के गांव कनामी में जुम्मन खां (25) और ग्राम मिल्किया पहाड़पुर निवासी प्रमोद कुमार (35) की भी जहरीली शराब पीने से मौत हो गई।