बिजली मंत्री आरके सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को बिजली मांग अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि यह एक लाख 88 हजार 452 मेगावाट पर पहुंच गई और जल्दी ही इसके दो लाख मेगावाट को पार कर जाने की उम्मीद है।
आरके सिंह ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा, 'बिजली की मांग 28 जनवरी, 2021 को सुबह 9.42 बजे नए रिकार्ड स्तर 1,88,452 मेगावाट पहुंच गई। हम जिस दर से आगे बढ़ रहे हैं, जल्दी ही दो लाख मेगावाट के स्तर को पार कर जाएंगे।'
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'दक्षिणी क्षेत्र में 28 जनवरी को सुबह 9.49 बजे मांग सर्वाधिक 53,214 मेगावाट रही।' उल्लेखनीय है कि इससे पहले, 20 जनवरी को बिजली मांग एक लाख 87 हजार 300 मेगावाट के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई थी।
मंत्रालय के अनुसार बिजली की अधिकतम मांग पिछले साल जनवरी में एक लाख 70 हजार 970 मेगावाट तक गई थी। बिजली मांग में वृद्धि आर्थिक गतिविधियों में पुनरुद्धार को दर्शाती है। इससे महामारी और उसकी रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन से प्रभावित वाणिज्यिक और आद्योगिक क्षेत्रों में मांग बढ़ी है।