चुनाव आयोग ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनावों को देखते हुए रेलवे की नई समय सारिणी और नई ट्रेनों की घोषणा पर रोक लगा दी है। रेल मंत्रालय को पिछले हफ्ते प्राप्त चुनाव आयोग के पत्र में कहा गया था कि वह नई समय सारिणी का प्रकाशन कर सकता है।
अब आयोग ने कहा है कि चुनाव आचार संहिता लागू रहने तक दोनों राज्यों के लिए रेलवे किसी नई ट्रेन की घोषणा या उद्घाटन नहीं कर सकता।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि नई समय सारिणी के मुताबिक करीब 700 ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान के समय, गति सीमा में वृद्धि सहित अन्य बदलाव किए गए हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेन को सुपरफास्ट बनाया गया है, जिसके कारण उनके नंबर बदल गए हैं और इससे यात्रियों में भ्रम पैदा होगा।
लेकिन यात्रियों की सूचना के लिए रेलवे अब इन महत्वपूर्ण बदलावों का प्रकाशन नहीं कर सकता। उनका कहना है कि सभी क्षेत्रीय रेलवे ने टाइम टेबल को लेकर पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन चुनाव आयोग के पत्र के कारण उसका प्रकाशन नहीं कर सकते।
हालांकि आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यदि यात्रियों को असुविधा है, तो रेल मंत्रालय आयोग को लिख सकता है और वह मामले की समीक्षा करेगा।