प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के पुत्र कार्ती चिदंबरम को टूजी घोटाला के एयरसेल-मैक्सिस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में समन जारी किया है। अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी ने नोटिस जारी कर कार्ति को व्यक्तिगत तौर पर या अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए पेश होने को कहा था।
साथ ही उन्हें व्यक्तिगत फाइनेंशियल दस्तावेजों के अलावा फर्म से संबंधित दस्तावेज भी इस सप्ताह दाखिल करने को कहा था लेकिन ऐसा माना जाता है कि कार्ति ने जवाब देने के लिए और वक्त मांगा। एजेंसी ने उन्हें दस्तावेज जमा करवाने के लिए इस महीने के पहले पखवाड़े का समय दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि जिस मामले की जांच पिछले एक साल से चल रही है उसमें कार्ति को नोटिस जारी किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि कार्ति को यह समन जांच अधिकारी और डिप्टी डायरेक्टर राजेश्वर सिंह ने जारी किया है। जांच एडवांटेज स्ट्रैटजिक कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड और चेस ग्लोबल एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है, जहां कार्ती निदेशक रहे हैं। इसके अलावा कुछ अन्य कंपनियां भी हैं। उनके खिलाफ यह जांच कठोर पीएमएलए के कथित उल्लंघन को लेकर चल रही है।