300 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तेल और गैस क्षेत्र की कुछ कंपनियों के खिलाफ छापे मारे। ऑपरेशन के दौरान 78 लाख रुपये की कीमती वस्तुएं और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए गए।
एजेंसी ने बताया कि छापे 15 दिसंबर को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में एसवीओजीएल ऑयल गैस एंड एनर्जी लि. और मैक्स टेक ऑयल एंड गैस सर्विसेज प्रा.लि. से जुड़ी संस्थाओं के परिसरों पर मारे गए थे। ईडी ने यह कार्रवाई दो कंपनियों प्रेम सिंघी, पदम सिंघी और अन्य के खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद की।
एजेंसी के अनुसार प्रेम सिंघी और पदम सिंघी ने अन्य लोगों के साथ एसवीओजीएल ऑयल गैस एंड एनर्जी लि. के नाम पर पीएनबी से 252 करोड़, जबकि मैक्स टेक ऑयल एंड गैस सर्विसेज प्रा.लि. के नाम पर बैंक ऑफ इंडिया से 65 करोड़ की धोखाधड़ी की।
फर्जी कंपनियों को भेजा पैसा
एजेंसी ने दावा किया कि खर्चों की आड़ में विभिन्न फर्जी/डमी कंपनियों को पैसा हस्तांतरित किया गया और उसे प्रमोटरों द्वारा निकाल लिया गया। आरोपी व्यक्तियों ने ऐसे निवेश भी किए जो बैंक ऋण के उद्देश्यों से जुड़े नहीं थे। तलाशी में फर्जी संस्थाओं के साथ लेनदेन और शेयरों और अचल संपत्तियों में लगभग 90 करोड़ के निवेश से संबंधित साक्ष्य बरामद किए गए।