नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी से ईडी द्वारा की जा रही लगातार व गहन पूछताछ व कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से कांग्रेस का रोष बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को चौथी बार राहुल को तलब किया गया था। इस बीच राहुल गांधी ने ईडी से उनकी मां सोनिया गांधी की सेहत का हवाला देते हुए उन्हें 17 से 20 जून तक पूछताछ के लिए पेश होने से छूट देने का अनुरोध किया। बताया जा रहा है कि ईडी ने राहुल की गुजारिश को मान लिया है।
रेणुका चौधरी ने किया हंगामा, देखिये वीडियो
तेलंगाना की राजधानी में प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा हुआ। यहां कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रेणुका चौधरी को जब पुलिसकर्मी ले जाने लगे तो उन्होंने एक पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ ली।
रेणुका चौधरी ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता चौधरी ने कहा कि वे मुझे धक्का दे रहे थे। मेरे पैरों में समस्या है। मेरा संतुलन बिगड़ा और मैं उन पर गिर गई। मैं उन व्यक्ति से माफी मांगना चाहती हूं, लेकिन मैं भी पुलिस से माफी से उम्मीद करती हूं। हमारे चारों तरफ पुरुष पुलिसकर्मी क्यों थे?
चंडीगढ़ : कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कई हिरासत में लिए गए
उधर, चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राहुल से पूछताछ का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों को बाद में हिरासत में ले लिया गया। हालांकि कुछ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे राज भवन कूच करेंगे। हम कांग्रेस, सोनिया व राहुल गांधी के साथ खड़े हैं, पीछे नहीं हटेंगे।
बेंगलुरु में राजभवन कूच, पुलिस ने कहा-गिरफ्तार करेंगे
बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। बेंगलुरु के डीसीपी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश हैं कि फ्रीडम पार्क के अलावा कहीं प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। हमने कांग्रेस नेताओं को यह सूचना दे दी है, फिर भी वे राजभवन की ओर बढ़ेंगे तो हम उन्हें गिरफ्तार करेंगे। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा कि प्रदर्शन हमारा अधिकार है। हम न्याय के लिए लड़ेंगे। ईडी भाजपा के किसी नेता के खिलाफ जांच नहीं कर रहा है। सिर्फ कांग्रेस नेताओं का प्रताड़ित किया जा रहा है।
हिरासत में लिए गए थे कई कांग्रेस नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल और अन्य को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था और तुगलक रोड पुलिस स्टेशन ले जाया गया था। ये नेता नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का विरोध कर रहे थे। नेता राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय अकबर रोड के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए नेताओं में गौरव गोगोई, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, रंजीत रंजन, इमरान प्रतापगढ़ी और अन्य शामिल थे।
हम विपक्ष के रूप में कैसे काम करेंगे : पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग का विरोध करते हुए कहा कि तीन दिन पहले हमने कहा था कि हम सत्याग्रह करेंगे। हम एक शांतिपूर्ण मार्च चाहते थे, जिसकी इजाजत नहीं दी गई। आज हम अपना कोई भी विरोध प्रदर्शन करने में सक्षम नहीं हैं। लोकतंत्र में अगर आप बोल नहीं सकते, विरोध नहीं कर सकते तो विपक्ष के रूप में अपना काम कैसे करेंगे।
महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता और मंत्री पुलिस हिरासत में
राजभवन में विरोध प्रदर्शन कर रहे महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों सहित पार्टी के नेताओं को गुरुवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान राजभवन गेट के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने की कोशिश के जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले, पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट, स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख और कपड़ा मंत्री असलम शेख को हिरासत में लिया गया।
जयराम रमेश को दी नई जिम्मेदारी
कांग्रेस ने जयराम रमेश को सोशल और डिजिटल मीडिया सहित संचार, प्रचार और मीडिया का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया। इससे पहले रणदीप सुरजेवाला के पास यह जिम्मेदारियां थीं। उन्हें अब इनसे मुक्त कर दिया गया है।