लोकसभा में हंगामा, नारेबाजी
कांग्रेस नेताओं की नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही 11:30 बजे और राज्यसभा का कामकाज 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कांग्रेस सांसद व लोकसभा में सचेतक मनिक्कम टैगोर ने बृहस्पतिवार को ईडी के दुरुपयोग मामले में चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया। टैगोर ने सदन से ईडी को विपक्षी नेताओं को समन करने के अपने बर्ताव में बदलाव लाने की सलाह देने की मांग की।
कांग्रेस सांसदों ने विरोध में बयान जारी किया। इसमें केंद्र सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग करने की निंदा की गई। बयान में कहा गया कि सत्तारूढ़ एनडीए की इन तमाम कोशिशें के खिलाफ जनता विरोधी, किसान विरोधी और संविधान विरोधी नीतियों का विरोध जारी रहेगा।
इन दलों ने भी किया विरोध
कांग्रेस के अलावा विपक्षी दल डीएमके, माकपा, आईयूएमएल, जम्मू-कश्मीर नेशनल कान्फ्रेंस, तेलंगाना राष्ट्र समिति, एमडीएमके, एनसीपी, वीसीके, शिवसेना और राजद सांसदों ने भी विरोध किया।
मोदी सरकार निरंकुश डरा नहीं पाएगी : खरगे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, सोनिया गांधी असंख्य बाधाओं के खिलाफ मजबूती से खड़ी रही हैं। निरंकुश मोदी सरकार उन्हें कभी डरा नहीं पाएगी।
यदि गांधी परिवार बेदाग है तो चिंतित क्यों है? यदि वे भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं हैं तो ये हंगामा क्यों? जांच करना एजेंसियों का काम है। -अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री