अहमदाबाद। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को घूसखोरी के एक मामले में जेल में बंद आसाराम के बेटे नारायण साई के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शिकायत दाखिल की है। 2013 के बलात्कार मामले में आरोपी साई इन दिनों सूरत जेल में कैद है। विशेष पीएमएलए कोर्ट में दाखिल इस शिकायत के जरिए ईडी ने साई और अन्य के खिलाफ मामला चलाने की अपील की है। ईडी ने एक बयान में बताया कि कोर्ट ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। यह शिकायत सूरत पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और चार्जशीट पर आधारित है। इसमें दावा किया गया है कि दुष्कर्म मामले में साई की गिरफ्तारी के बाद अधिकारियों को रिश्वत देने का खुलासा हुआ था।