गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंजाब में राज्यपाल के कार्यक्रम की बजाय मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का कार्यक्रम दिखाना दूरदर्शन को भारी पड़ सकता है। इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए चुनाव आयोग ने दूरदर्शन को नोटिस भेज दिया है। मामले में आयोग ने जांच के आदेश भी दिए हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार आयोग के सूत्रों ने बताया कि मोहाली में गणतंत्र दिवस के जिस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शिरकत की थी उसे दूरदर्शन ने राष्ट्रीय कवरेज देते हुए देशभर में दिखाया, जबकि उसी दौरान पटियाला में चल रहे राज्यपाल के कार्यक्रम को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चुनावों को देखते राजनीतिक हस्तियों के कार्यक्रमों के संबंध में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं उसके बावजूद भी एक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को इतनी प्रमुखता दी गई, जबकि राज्यपाल के कार्यक्रम को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।