फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

असम: कार से ईवीएम मिलने पर चुनाव आयोग की सफाई, कांग्रेस ने उठाए सवाल, करीमगंज में पुलिस ने चलाईं हवा में गोलियां

Fri, 02 Apr 2021 01:17 PM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, असम

सार

  • असम में भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी से ईवीएम मिलने पर भूचाल
  • चुनाव आयोग ने चार पोलिंग अफसरों को निलंबित किया
  • राहुल और प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
विज्ञापन
ईवीएम-वीवीपैट (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

असम में भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी से ईवीएम मिलने के बाद सियासी भूचाल आ गया है। चुनाव आयोग ने असम में ईवीएम से जुड़ी घटना पर रिपोर्ट पेश की है। हालांकि आयोग ने चार पोलिंग अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि असम में रतबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया गया है। 

विज्ञापन


आयोग ने कहा-प्रत्याशी की पत्नी का था वाहन, ईवीएम की सील सही थी 
दिल्ली में आयोग ने कहा कि मतदान के बाद जिस वाहन में पीठासीन अधिकारी ईवीएम को लेकर गए, वह कथित तौर पर पड़ोसी सीट से भाजपा के प्रत्याशी की पत्नी की थी, जिसको लेकर विवाद पैदा हो गया था। पीठासीन अधिकारी और तीन अन्य अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। ईवीएम की सील हालांकि सही थी, फिर भी रतबाड़ी (सु) एलएसी1 के मतदान केन्द्र संख्या- 149 इंदिरा एमवी स्कूल में दोबारा मतदान कराने का फैसला किया गया है।

करीमगंज में हुआ बवाल, पुलिस ने चलाईं हवा में गोलियां
इस ईवीएम को लेकर करीमगंज जिले में बृहस्पतिवार रात को बवाल हुआ। ईवीएम को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रत्याशी के वाहन का इस्तेमाल होते देख भीड़ भड़क उठी और हिंसा हुई। इसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए हवा में गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने बताया कि रतबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र में 149-इंदिरा एमवी स्कूल के निर्वाचन दल का वाहन करीमगंज शहर में स्ट्रांग रूम तक जाने के दौरान खराब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ में मुख्य रूप से एआईयूडीएफ और कांग्रेस के समर्थक थे। भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की, जिसके बाद निर्वाचन दल को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) छोड़कर वहां से जाना पड़ा।
विज्ञापन


जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने एक निजी वाहन की मदद ली। संयोग से यह वाहन पत्थरकांडी के निवर्तमान भाजपा विधायक कृष्णेंदु पॉल के नाम पर पंजीकृत था। वाहन के निमल बाजार क्षेत्र में पहुंचने पर कुछ लोगों ने इसे देखा। पॉल इस बार पत्थरकांडी से भाजपा के उम्मीदवार हैं जबकि रतबाड़ी का प्रतिनिधित्व भाजपा के विधायक बिजॉय मालाकार कर रहे हैं। मालाकार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
 

मतदान दल को छोड़कर भाग निकले सशस्त्र जवान

असम के पाथरकांडी में गुरुवार रात वाहन खराब होने पर मतदान दल को छोड़कर भाग खड़े हुए सशस्त्र जवानों पर कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इस संबंध में चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षक ने सिफारिश की है। 
 

 

प्रियंका ने ट्वीट कर उठाए सवाल

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग और भाजपा पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर लिखा कि हर बार चुनाव के दौरान ईवीएम को निजी वाहनों में ले जाते वक्त पकड़े जाने पर कई घटनाएं होती हैं। पहला तो भाजपा उम्मीदवारों या उनके रिश्तेदारों के होते हैं। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर चुनाव आयोग को पत्र भेज रही है। 

चुनाव आयोग से कार्रवाई करने की मांग
प्रियंका गांधी ने दूसरे ट्वीट में लिखा कि क्रोनोलॉजी समझने की जरूरत है। इस तरह के वीडियो को घटना बताकर इसे खारिज कर दिया जाता है। चुनाव आयोग को इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करने और सभी दलों को ईवीएम पर फिर से मूल्यांकन करने की जरूरत है।  

राहुल गांधी ने ली चुटकी
वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गाड़ी में ईवीएम मिलने पर चुनाव आयोग और भाजपा पर चुटकी ली है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि EC की गाड़ी ख़राब, भाजपा की नीयत ख़राब, लोकतंत्र की हालत ख़राब!
 
विज्ञापन

ईवीएम छीनने की कोशिश, पुलिस ने रबड़ की गोलियां चलाईं, दो घायल

उधर, असम के उदलगुरी जिले में एक मतदान केंद्र पर भाजपा और उसकी सहयोगी यूपीपीएल पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने एक ईवीएम मशीन को छीनकर ले जाने का प्रयास किया जिस पर पुलिस ने रबड़ की गोलियां चला दीं और दो लोग घायल हो गए।घटना कलईगांव के राजा पाखुड़ी एलपी स्कूल में बृहस्पतिवार रात को घटी।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें