कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक चुनाव तय समय सीमा से छह महीने आगे खिसका दिए गए हैं। कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव 30 जून को होने थे, अब ये चुनाव 31 दिसंबर तक कराने का आदेश चुनाव आयोग ने दिया है। पार्टी से इस बाबत चुनाव आयोग से गुहार की थी, जिसे आयोग ने मान लिया।
समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक चुनाव आयोग ने कांग्रेस यह मोहलत तो दी है साथ ही चेतावनी भी दी है कि दिसंबर 2017 को ही पार्टी संगठनात्मक चुनावों की अंतिम अवधि माने।
इससे पहले चुनाव आयोग ने कांग्रेस को 30 जून में ये चुनाव निपटा लेने का अल्टीमेटम दिया था। ताजा घटनाक्रम से तय हो गया है कि अगर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाया जाता है तो यह भी साल के अंत में ही संभव हो पाएगा।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के चुनावों में सपा से गठबंधन करने के बावजूद औंधे मुंह गिरी कांग्रेस के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राय बनी है कि पार्टी में आंतरिक बदलाव बेहद जरूरी हैं।