महाराष्ट्र के ठाणे जिले में ड्रग केस में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद में ड्रग की तस्करी के मामले में वांछित शख्स ने एक इमारत की 10वीं मंजिल के घर की बालकनी की ग्रिल पर चढ़कर भागने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान पुलिस ने आरोपी को कोई बड़ा कदम उठाने से मना लिया और उसे बालकनी की ग्रिल से ऊपर खींच लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान पुलिस ने व्यक्ति को किसी भी तरह का नुकसान होने से बचाने के लिए फ्लैट के नीचे एक सुरक्षा जाल भी लगाया था।
हैदराबाद में शख्स के खिलाफ दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले सात महीनों से फरार था, जब उसके खिलाफ तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, हैदराबाद पुलिस गिरफ्तारी वारंट लेकर आरोपी को पकड़ने के लिए ठाणे के मीरा रोड इलाके में पहुंची थी। उन्होंने ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद मांगी। इसके बाद आरोपी को मीरा रोड इलाके में एक इमारत की 10वीं मंजिल पर किराए के अपार्टमेंट में ट्रैक किया गया।
आत्मसमर्पण करने को तैयार नहीं था आरोपी
वहीं इस कार्रवाई के दौरान जब उस व्यक्ति ने पुलिस को देखा, तो उसने अपनी जान जोखिम में डालकर अपार्टमेंट की बालकनी की ग्रिल पर चढ़कर भागने की कोशिश की। काशीमीरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक लालू तुरे ने बताया कि, हमारी टीम ने उसे रोकने के प्रयास में तुरंत उससे बात करना शुरू कर दिया, जबकि हमने एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया। इस दौरान स्थिति और भी भयावह हो गई क्योंकि वह व्यक्ति बालकनी की ग्रिल से चिपक गया और आत्मसमर्पण करने को तैयार नहीं था।
पुलिस ने आरोपी को मशक्कत के बाद दबोचा
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक आरोपी से बातचीत की, उसे शांत करने और उसे कूदने या कोई गलत कदम उठाने से रोकने का प्रयास किया। काफी समय बाद, पुलिस जबरन अपार्टमेंट में घुसी, उस व्यक्ति को बालकनी से खींचकर पकड़ा, हालांकि उसे कोई चोट नहीं आई। फिलहाल पकड़े जाने के बाद, आरोपी को आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही के लिए हैदराबाद पुलिस को सौंप दिया गया।