बीते तीन साल से भयावह सूखे की मार झेल रहे लातूर में किडनी में पथरी और मूत्र मार्ग संक्रमण के मामलों में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। इसकी वजह बोर वैल का पीनी पीना बताया जा रहा है।
लातूर के यूरोलॉजिस्ट डॉ. हंसराज बहेती के मुताबिक, प्रशासन टैंकरों से पानी की सप्लाई कर रहा है। यह पानी स्वच्छ नहीं, बल्कि दूषित है। पानी की कमी के कारण लोग बोर वैल का पानी पी रहे हैं। उन्होंने बताया कि बोर वैल के पानी में नमक, कैल्शियम और ओकलेट्स की भारी मात्रा होती है। इससे लोगों को किडनी में पथरी बनने की आशंका बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा लोग बहुत ज्यादा गर्मी का सामना भी कर रहे हैं, जिससे डी-हाईड्रेशन होता है। इससे कई सारी स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होती हैं। इनमें मूत्र मार्ग में पथरी और अन्य संक्रमण प्रमुख हैं।
वहीं लातूर तक पानी पहुंचाने के लिए ट्रेन पश्चिमी महाराष्ट्र के मिरज पहुंच गई है। पानी भरे वैगन राजस्थान के कोटा से आए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ट्रेन मिरज पहुंच गई है। पीने के पानी की कमी पूरा करने के प्रयास जारी हैं। ये वैगन जल्द ही लातूर भेजे जाएंगे। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर जानकारी दी कि लातूर ले जाया जा रहा 50 टैंक वैगन स्वच्छ पानी मिराज पहुंच गया है।