दिवाली से पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने चीन में निर्मित नौ करोड़ रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। ये पटाखे शनिवार को तुगलकाबाद स्थित कंटेनर डिपो से जब्त किए गए। अवैध रूप से आयात किए गए ये पटाखे छह बड़े कंटेनरों में रखे गए थे। डीआरआई के प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक देबी प्रसाद दास ने रविवार को बताया कि पटाखों को दिव्यांगों के लिए चिकित्सा उपकरण और साइकिल के पुर्जे के नाम पर मंगाया गया था। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए पटाखों का बाजार मूल्य नौ करोड़ रुपये के करीब है।
गौरतलब है कि पटाखों के आयात पर प्रतिबंध है। पटाखों का आयात मुख्य विस्फोटक नियंत्रक की ओर से लाइसेंस जारी होने पर ही किया जा सकता है। डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि कंटेनरों में सामने साइकिल के पुर्जे, व्हीलचेयर, कमोड व्हीलचेयर और वाकिंग स्टीक रखे गए थे। इनके पीछे कार्टन में पटाखे रखे गए थे, जिससे कि जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को पटाखों की भनक न लग सके।
दास ने बताया कि पटाखों का आयात पंजाब के एक आयातक ने फर्जी आयात-निर्यात कोड के जरिए किया था। इस काम में उसने दिल्ली के एक सीमा शुल्क ब्रोकर की मदद ली थी। इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।