राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ट्रंप प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बातचीत के लिए इस सप्ताह वाशिंगटन जाएंगे और द्विपक्षीय सुरक्षा मामलों पर चर्चा करेंगे। पेंटागन के प्रवक्ता कैप्टन जेफ डेविस ने बताया कि डोभाल 24 मार्च को अमेरिका के रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस से मुलाकात करेंगे।
उन दोनों के द्विपक्षीय सुरक्षा मुद्दों और रक्षा संबंधों से संबंधित मामलों पर चर्चा करने की संभावना है। डोभाल के अपने अमेरिकी समकक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एचआर मैकमास्टर से भी मुलाकात करने की संभावना है। दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच यह पहली मुलाकात होगी।
डेविस ने कहा कि उन्हें डोभाल के दौरे के कारणों के बारे में नहीं पता लेकिन मैटिस इस सप्ताह विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित आईएस के खिलाफ वैश्विक गठबंधन की बैठक से इतर डोभाल से मुलाकात करेंगे।