फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रंप-मोदी रोड शो की निगरानी करेगी डीआरडीओ की ड्रोन रोधी प्रणाली, स्टेडियम का नहीं होगा उद्घाटन

Fri, 21 Feb 2020 03:13 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Anti-Drone System - फोटो : ANI
विज्ञापन

डोनाल्ड ट्रंप दो दिवसीय भारत दौरे पर 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। ट्रंप के दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मोदी और ट्रंप के 22 किलोमीटर लंबेर रोड शो के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित ड्रोन-रोधी प्रणाली 24 फरवरी को यहां डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के लिए की जा रही पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त अजय तोमर ने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स, राज्य रिजर्व पुलिस बल, चेतक कमांडो और आतंकवाद निरोधक दस्ते की टीमों को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेंगे।

विज्ञापन

 

मोदी और ट्रंप सभा को करेंगे संबोधित

ट्रंप और मोदी अहमदाबाद में 22 किमी लंबे रोड शो में शामिल होंगे और शहर के मोटेरा इलाके में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में एक सभा को संबोधित करेंगे। अनुमान है कि करीब 1,10,000 से अधिक लोग 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। तोमर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रोड शो मार्ग को सुरक्षित करने के लिए डीआरडीओ द्वारा विकसित ड्रोन-रोधी प्रणाली का उपयोग करेंगे। ड्रोन-रोधी प्रणाली ने परीक्षण के दौरान आने वाले ड्रोन को बेअसर कर दिया था। जमीन पर पुलिस कर्मियों के अलावा हम अपने जवानों को सड़क के किनारे के घरों की छतों पर भी तैनात करेंगे।
 

25 आईपीएस के नेतृत्व में दस हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

उन्होंने कहा कि रोड शो और मोटेरा के पास के कुछ रास्ते 24 फरवरी को यातायात के लिए बंद रहेंगे। डीआरडीओ प्रणाली ड्रोन खतरों का तुरंत पता लगाने, उनकी पहचान करने और उन्हें नष्ट करने के लिए सुसज्जित है। इससे पहले पुलिस ने कहा था कि रोड शो की सुरक्षा के लिए 25 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। तोमर ने कहा कि स्टेडियम के पास के अधिकतर निवासियों को सड़क का उपयोग नहीं करने के लिए कहा गया है जब तक कि यह आवश्यक नहीं हो। लोगों को आपातकालीन स्थिति में कॉलोनियों में और बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए आने वाले छात्र सोमवार को अपने हॉल टिकट दिखाकर बंद सड़कों का उपयोग कर सकते हैं।

स्टेडियम का नहीं होगा उद्घाटन

 

गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धनराज नाथवानी के मुताबिक 24 फरवरी को मोटेरा स्टेडियम का उद्घाटन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का नाम 'नमस्ते ट्रंप' है और यह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी के लिए आयोजित किया जा रहा है। स्टेडियम का उद्धाटन हम बाद में करेंगे।

विज्ञापन


मोटेरा स्थित क्रिकेट स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है जिसमें एक लाख दस हजार दर्शकों के बैठ सकेंगे। अमेरिका में पिछले साल आयोजित ‘हाउडी मोदी’ के आधार पर इस कार्यक्रम का नाम ‘नमस्ते ट्रंप’ रखा गया है।

 

 

अहमदाबाद में डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

 

  • डोनाल्ड ट्रंप का विशेष विमान एयरफोर्स वन 24 फरवरी को सुबह 11.55 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर खुद उनकी अगुवाई करेंगे। 
  • एयरपोर्ट से मोटेरा स्टेडियम तक डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी 22 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इस रोड शो में भारत की झलक दिखाने के लिए 28 मंच बनाए जा रहे हैं। इसे इंडिया रोड नाम दिया गया है।
  • ट्रंप अहमदाबाद के नवनिर्मित मोटेरा स्टेडियम में करीब 1:15 बजे पहुंचेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 'हाउडी मोदी' जैसा होगा।
  • सूत्रों के अनुसार नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसमें कई बॉलीवुड की हस्तियां भी शामिल होंगी।
  • मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और मोदी के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिए एक लाख से ज्यादा लोगों को बुलाया गया है। इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अमेरिकी मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया जाएगा।
  • ट्रंप और मेलानिया तकरीब 150 मिनट अहमदाबाद में रुकेंगे। लंच करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का काफिला 3:30 बजे आगरा के लिए रवाना हो जाएगा।

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें