25 मई यानि सोमवार से देश में घरेलू उड़ानों की शुरुआत हो जाएगी। कोरोना के बीच घरेलू उड़ान का संचालन जोखिम से कम नहीं है लेकिन सरकार ने यह फैसला लिया है। घरेलू उड़ानों के लिए सरकार की ओर से कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं जिसमें यात्री का सामान, आने का समय, चेक-इन और सुरक्षा मानकों को शामिल किया गया है।
अगर कोरोना के कोहराम के बीच जरूरी काम से आपको विमान में यात्रा करनी पड़ी तो इन बातों पर ध्यान देना आपके लिए बेहद जरूरी है...
कैसे पता लगाएं कि सहयात्री कोरोना पॉजिटिव है या नहीं?
विमान में आपके साथ यो यात्रा कर रहा है वो कोविड-19 पॉजिटिव है या नहीं, ये पता लगाना थोड़ा मुश्किल काम है लेकिन एयरपोर्ट पर हर यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। सभी यात्रियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया है।
आरोग्य सेतु की मदद से सरकार को कोरोना वायरस से संक्रमित इंसान के बारे में जानकारी मिल जाएगी। अगर आपने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड नहीं की है तो एयरपोर्ट पर स्टाफ एप डाउनलोड करने में मदद कर देगा।
कंटेंमेंट जोन से किसी भी व्यक्ति के यात्रा करने पर रोक है। एयरपोर्ट पर यात्रियों को इस चीज का ब्यौरा देना होगा कि वो कन्टेंमेट जोन में नहीं रहते हैं और उनमें कोविड-19 के लक्षण नहीं हैं। अगर एक ही पीएनआर के कई यात्री हैं तो एक ही ब्यौरा पत्र देने से काम हो जाएगा।
यात्री अपने साथ कितना सामान ले जा सकते हैं?
एक यात्री अपने साथ एक केबिन बैग और एक चेक-इन बैग ले जा सकता है। किसी भी यात्री को एक से ज्यादा केबिन बैग ले जाने की अनुमति नहीं है अगर कोई ऐसा करता है तो एयरपोर्ट स्टाफ उसको वहीं रोक लेगा।
क्या लैपटॉप बैग, केबिन बैग में शामिल होगा?
महिलाओं को अपने साथ एक पर्स और लैपटॉप बैग को फ्लाइट के अंदर ले जाने की अनुमति है। लैपटॉप बैग को केबिन बैग में शामिल नहीं किया गया, आप केबिन बैग के साथ एक लैपटॉप बैग या महिला एक पर्स ले जा सकती हैं।
विमान में खाना नहीं मिलेगा तो भूख लगने पर क्या करें?
यात्रीगण अपने साथ काजू, बादाम और पिस्ता जैसे मेवाएं ले जा सकते हैं लेकिन विमान के अंदर कुछ भी खाने की सलाह नहीं दी गई है। याद रहें कि अगर आप कुछ खाएंगे तो आपको इसके लिए मास्क उतारना होगा जो आपके और आपके सहयात्री के लिए जोखिमभरा हो सकता है।
ऑनलाइन चेक-इन की वजह से सामान पर टैग कौन लगाएगा?
राष्ट्रीय आपदा प्रबंध की ओर से जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक सभी यात्रियों को वेब चेक-इन करने के लिए कहा गया है ताकि एयरपोर्ट कम से कम लोग एक दूसरे के संपर्क में आ सकें। वेब चेक-इन के समय ही सामान के लिए टैग मिल जाएगा जिसका प्रिंट लेकर खुद से उसे अपने सामान पर लगाना होगा।
अगर प्रिंटर की सुविधा नहीं है तो एक कागज पर अपने नाम के साथ टिकट का पीएनआर नंबर लिख लें और उस कागज को सामान के ऊपर चिपका दें।
जिन्हें चलने में थोड़ी मुश्किल होती है, उन बुजुर्गों के लिए क्या सुविधा है?
सरकार ने बुजुर्गों को विमान में यात्रा ना करने की सलाह दी है क्योंकि वायरस के फैलने की संभावना इन लोगों में ज्यादा हो सकती है लेकिन अगर इन लोगों के लिए यात्रा करना बेहद जरूरी है तो उनके लिए व्हीलचेयर का इंतजाम किया गया है।
कुछ एयरपोर्ट्स पर गोल्फ कार्ट की मदद से ऐसे बुजुर्गों को विमान तक पहुंचाया जा सकता है। एयरपोर्ट पर संचालकों को कहा गया है कि समय समय पर गोल्फ कार्ट और व्हीलचेयर को सैनिटाइज करें।
कनेक्टिंग फ्लाइट होने पर क्या होगा?
पूरे देश में होटल हर जगह बंद हैं लेकिन हवाई यात्रा कर रहे लोग ट्रांजिट एरिया में रुक सकते हैं। सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक किसी भी यात्री को ट्रांजिट एरिया से बाहर आने की अनुमति नहीं है।
एयरपोर्ट पर क्या करें और क्या ना करें?
एयरपोर्ट पर ज्यादा से ज्यादा भीड़ ना लगाने की कोशिश करें। अपनी सीट से उठें नहीं और केबिन में से बैग निकालने के लिए हड़बड़ी ना करें। क्रू का कोई सदस्य आपके सीट नंबर का घोषणा करेगा जिसके बाद ही आपको अपनी सीट से उठना है।
अगर आपको अपना मास्क फेंकना है तो एयरपोर्ट पर इसकी भी सुविधा दी गई है। एक पीले रंग का कूड़ेदान एयरपोर्ट पर रखा होगा, जिसमें आप अपना इस्तेमाल किया गया मास्क फेंक सकते हैं।