दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में पालतू कुत्ते के हमले के मामले इन दिनों खूब सामने आ रहे हैं। इस तरह के वीडियो वायरल होने के बाद अब महाराष्ट्र का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक फूड डिलिवरी बॉय पर कुत्ते ने हमला कर दिया। मामला पनवेल के इंडियाबुल्स ग्रीन्स मरीगोल्ड सीएचएस का है जहां 28 अगस्त को एक पालतू जर्मन शेफर्ड ने डिलिवरी बॉय पर हमला कर दिया। डिलिवरी बॉय लिफ्ट से बाहर निकल रहा था तभी ये हादसा हुआ।
डिलिवरी बॉय पर किया हमला
बीते दिनों में पालतू कुत्तों के हमले के कई वीडियो सामने आए हैं। इसी तरह का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो पनवेल का है, जिसमें जोमाटो के डिलिवरी बॉय पर एक पालतू जर्मन शेफर्ड हमला करता दिख रहा है। लिफ्ट से बाहर निकलते ही कुत्ता डिलीवरी बॉय पर हमला करता है और उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट लग जाती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 29 अगस्त को पनवेल के इंडियाबुल्स ग्रीन्स मैरीगोल्ड सीएचएस में हुई थी। डिलिवरी बॉय की पहचान नरेंद्र पेरियार के रूप में हुई है, जिसका नवी मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पालतू कुत्ते का मिलाक कौन था। सोशल मीडिया में मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
गाजियाबाद में बच्चे पर किया हमला
इससे पहले गाजियाबाद के संजय नगर सेक्टर-23 के पार्क में खेल रहे मासूम कुश त्यागी (10) पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। कुश की लगभग ढाई घंटे सर्जरी चली, जिसमें उसे 150 टांके लगाए गए। वह तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहा। कुत्ते के हमले का वीडियो वायरल होने पर बृहस्पतिवार को नगर निगम ने कुत्ते के मालिक संजय नगर निवासी ललित त्यागी पर पांच हजार का जुर्माना लगा दिया। कुश के पिता सचिन त्यागी ने बताया कि तीन सितंबर को ललित की बेटी कुत्ते को टहला रही थी। वह उससे छूटकर भाग गया और कुश पर हमला कर दिया। लोगों ने बड़ी मुश्किल से कुत्ते से कुश को अलग किया। गाजियाबाद में कुत्ते के हमले का सात दिन में यह तीसरा मामला है। इससे पहले राजनगर एक्सटेंशन में लिफ्ट में कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया था। उसके बाद किताब वाली गली में बच्चे को कुत्ते ने काटा था।
कुछ दिन पहले गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र में राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी की लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को ले जा रही थी जब कुत्ते ने लिफ्ट में मौजूद एक बच्चे को काट लिया। महिला दर्द से कराहते बच्चे को संभालने या पूछने के बजाय लिफ्ट में चुपचाप खड़ी रही। महिला का दिल नहीं पसीजा। इसके बाद बच्चे के पिता ने महिला के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
नोएडा में भी डिलिवरी बॉय बना निशाना
इसी तरह नोएडा के सेक्टर 75 स्थित एक सोसायटी की एक लिफ्ट में एक कुत्ते द्वारा एक डिलीवरी बॉय को काटने का वीडियो वायरल हुआ। इसमें कुत्ता खूंखार प्रजाति जर्मन शेफर्ड का है। वीडियो में दिख रहा है कि कुत्ते को एक किशोर पकड़े हुए है जबकि डिलीवरी बॉय दूर खड़ा है। कुत्ता शुरू से ही सामान्य नहीं लग रहा है और बेचैन है। लिफ्ट का दरवाजा खुलते ही कुत्ते ने डिलीवरी बॉय पर हमला बोल दिया और बड़ी मुश्किल से दूर हुआ। इसके बाद किशोर की भी संवेदनहीनता कि वह कूरियर बॉय का हालचाल लिए बिना वहां से भाग गया।