डॉक्टरों के संगठन ने CBI को लिखा पत्र
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल डॉक्टर्स फोरम ने मंगलवार को सीबीआई को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कोलकाता के एक अस्पताल में जिस जगह पर महिला डॉक्टर का शव मिला था, उसके पास निर्माण कार्य करके साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में डॉ. कौशिक चाकी और डॉ. संजय होल्मे चौधरी के हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है, हमें उसी संस्थान में अपराध स्थल के आसपास अचानक नागरिक पुनर्निर्माण कार्यों की रिपोर्ट मिली है।
साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ कर जांच बाधित करने का प्रयास
उन्होंने आगे कहा कि हम इस तरह के प्रयास के पीछे के मकसद को लेकर बेहद आशंकित हैं और हमें लगता है कि यह महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करके जांच को बाधित कर सकता है। इसमें कहा गया है, हमने राज्य के स्वास्थ्य सचिव को इसकी जानकारी दे दी है। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि इस मामले को अत्यंत सावधानी और उचित सम्मान के साथ देखें, ताकि मृत महिला डॉक्टर को न्याय मिल सके।
राज्य में संयुक्त चिकित्सक मंच कर भी बंद रखेगा काम
इस बीच, पश्चिम बंगाल संयुक्त चिकित्सक मंच ने बुधवार को राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के बाह्य रोगी विभागों में काम बंद रखने का आह्वान किया। पश्चिम बंगाल संयुक्त चिकित्सक मंच के डॉ. पुण्यब्रत गन ने कहा, इस स्थिति में, हम लोगों से पहले ही माफी मांगते हैं, पश्चिम बंगाल की चिकित्सा सोसायटी कल सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सभी सरकारी और निजी अस्पतालों और निजी कक्षों में आउटडोर और गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद करने के लिए बाध्य है।
डॉक्टरों के आंदोलन से स्वास्थ्य सेवाएं हुई बदहाल
जूनियर डॉक्टरों के व्यापक आंदोलन ने पहले ही राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं को बदहाल कर दिया है, यहां तक कि अधिकांश सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।अब कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई से कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी दस्तावेज तत्काल केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपने के निर्देश भी दिए हैं।
9 अगस्त की सुबह मिला था महिला डॉक्टर का शव
बता दें कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी के बाद सुबह चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल से अर्ध नग्न अवस्था में उसका शव बरामद हुआ था। इस दौरान घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद भी किया गया था।