देश में चुनाव और नेता आपत्तिजनक शब्दों व बिगड़े बोल नहीं कहें, यह कैसे हो सकता है? तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान ही एक वाकया सामने आया है। राज्य की विपक्षी पार्टी द्रमुक के नेता ए. राजा ने एक चुनावी रैली में सीएम पलानीस्वामी को 'अवैध संतान' बता दिया। उनकी इस आपत्तिजनक टिप्पणी से सीएम भावुक हो गए और रो पड़े। ऐसे में राजा ने बाजी हाथ से निकलते देख सोमवार को माफी मांगकर मामले का पटाक्षेप करने का प्रयास किया।
राजा ने कहा-सीएम के भावुक होने से आहत हूं
ए. राजा ने कहा कि एक चुनावी सभा में सीएम पलानीस्वामी के भावुक होने से मैं आहत हूं। मेरा इरादा उन पर निजी हमले का नहीं था, लेकिन मैं सिर्फ उनके राजनीतिक करियर को लेकर तुलना कर रहा था।
स्टालिन को बताया पूरी तरह परिपक्व व वैध संतान
इससे पहले शनिवार को ए. राजा ने मुख्यमंत्री पलानीस्वामी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह एक अवैध संबंध से समय पूर्व पैदा हुए बच्चे हैं। राजा के इससे संबंधित भाषण की क्लिपिंग मीडिया में मौजूद है। इसमें राजा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि द्रमुक नेता एमके स्टालिन एक पूरी तरह से परिपक्व संतान हैं, जो कि वैध संबंध से पैदा हुए हैं।' राजा ने पलानीस्वामी की संपत्ति और एमके स्टालिन की चप्पल की भी तुलना की थी।
राजा का दावा-मेरी बातों का गलत मतलब निकाला
राजा ने माफी मांगने के साथ ही दावा किया कि उनकी बातों का 'गलत मतलब' निकाला गया और उसे 'तोड़-मरोड़कर' पेश किया गया। राजा ने रविवार को जिले गुडलूर की जनसभा में स्पष्ट किया कि उनका इरादा पलानीस्वामी या उनकी दिवंगत मां का अपमान करना नहीं था।
राजा के खिलाफ मामला दर्ज
उधर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की शिकायत पर ए. राजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला आगे कार्रवाई के लिए ग्रेटर चेन्नई पुलिस को सौंपा गया है। यह जानकारी पुलिस आयुक्त महेश कुमार अग्रवाल ने दी। यह केस भादंवि की धाराओं व जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दर्ज किया गया है।
6 अप्रैल को होगा मतदान
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिये छह अप्रैल को मतदान होना है।