फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'मैं किसी का बुरा नहीं चाहता': पूर्व सीएम से मतभेद की अटकलों पर बोले डीके शिवकुमार; दिया बड़ा संदेश

Thu, 12 Nov 2026 10:08 AM IST
अमन मौर्या पीटीआई, मैसूरु, कर्नाटक

सार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया से मतभेद की अटकलों के बीच कहा कि वह किसी का बुरा नहीं चाहते और अपने कार्यकाल में सभी को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आलोचनाओं के बावजूद धैर्य बनाए रखेंगे। साथ ही कुमारस्वामी के साथ गठबंधन और अपने राजनीतिक सफर को भी याद किया।
विज्ञापन
डीके शिवकुमार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि वह किसी का भी बुरा नहीं चाहते, यहां तक कि अपने पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का भी नहीं। उन्होंने संकल्प जताया कि अपने कार्यकाल के दौरान वह ऐसा काम करना चाहते हैं, जिसका लोगों के जीवन पर स्थायी और सकारात्मक प्रभाव पड़े। दोनों नेताओं के बीच मतभेद की अटकलों के बीच शिवकुमार का यह बयान सामने आया है। बुधवार को शोधकर्ता रम्या की पुस्तक 'चलिसुवा बांडे' (चलती हुई चट्टान) के विमोचन समारोह में शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने सिद्धारमैया के साथ काम किया है और उनका इरादा उन्हें या किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का नहीं है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: तमिलनाडु: सरकार विरोधी पोस्ट पर एफआईआर के खिलाफ याचिका, मद्रास हाईकोर्ट ने दो हफ्ते में मांगा जवाब

उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शिवकुमार ने कहा, 'मैं अपने कार्यकाल में ऐसा काम करना चाहता हूं, जो लोगों के दिलों में हमेशा बना रहे। मैं किसी का बुरा नहीं चाहता। मैंने सिद्धारमैया के साथ काम किया है। मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं, जो उनका या किसी और का बुरा चाहे। भविष्य में भी मैं किसी का बुरा नहीं चाहूंगा। यह मेरा संकल्प है।'
विज्ञापन


सिद्धारमैया से मतभेद की अटकलों पर क्या बोले शिवकुमार?
शिवकुमार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेद और सत्ता को लेकर खींचतान की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, सोमवार को भी शिवकुमार ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि उनके और सिद्धारमैया के बीच किसी तरह का छोटा या बड़ा मतभेद नहीं है। राजनीतिक सफर पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ना आसान नहीं है। इसके लिए धैर्य, दृढ़ता और आलोचनाओं को सहने की क्षमता जरूरी होती है।

उन्होंने कहा, 'राजनीति में तैरना आसान नहीं है। तैरकर किनारे तक पहुंचना उससे भी ज्यादा मुश्किल है। कुछ लोग यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि मुझे एक, दो, तीन या छह महीने तक शासन करने दिया जाएगा या नहीं और मैं इस दौरान क्या करूंगा। विपक्ष मेरी तरक्की को पचा नहीं पा रहा है। कुछ लोग तो मेरा नाम तक नहीं ले पाते।' शिवकुमार ने कहा कि वह ऐसी आलोचनाओं के सामने झुकने वाले नहीं हैं और फिलहाल धैर्य बनाए हुए हैं।

जनता के भरोसे पर क्या बोले मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री ने खुद पर और कर्नाटक की जनता पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनका किसी को धोखा देने, परेशान करने या उसका बुरा करने का कोई इरादा नहीं है। वह चाहते हैं कि उनके कार्यकाल में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: 'सिग्नल रेड है कुछ भी काम नहीं कर रहा': लोको-पायलट के बोलते ही आई धड़ाम की आवाज, असम रेल हादसे का वीडियो वायरल

कुमारस्वामी के साथ गठबंधन सरकार पर क्या बोले?
शिवकुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के साथ अपने राजनीतिक संबंधों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) की गठबंधन सरकार के दौरान दोनों दलों के बीच काफी राजनीतिक मतभेद थे, लेकिन उन्होंने कभी कुमारस्वामी को कमजोर करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि मैंने उनके हाथ मजबूत करने का प्रयास किया। वह हमें स्वीकार करते हैं या नहीं, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि हमारा विवेक हमारे कामों को स्वीकार करता है या नहीं। अपने विवेक से बढ़कर कुछ नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें