कर्नाटक कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मंत्री डीके शिवकुमार को दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर लाया गया। उन्हें तीन सितंबर को ईडी ने कथित मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। उनकी बेटी ऐश्वर्या भी ईडी दफ्तर पहुंची। उन्हें एजेंसी ने समन देकर आज उसके समक्ष पेश होने के लिए कहा था। अधिकारियों ने बताया कि प्रबंधन विषय से स्नातक पास 22 वर्षीय ऐश्वर्या से पूछताछ की गई और उनका बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
शिवकुमार ने अपनी बेटी के साथ 2017 में सिंगापुर की यात्रा की थी। ऐश्वर्या अपने पिता के शैक्षिक ट्रस्ट में न्यासी हैं।
अधिकारी बताया कि इस ट्रस्ट के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति और कारोबार है और यह कई इंजीनियरिंग व अन्य कॉलेजों का संचालन करता है। ऐश्वर्या इनके पीछे मुख्य शख्स है। कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व कैबिनेट मंत्री को तीन सितंबर को ईडी ने गिरफ्तार किया था और वह एजेंसी की हिरासत में हैं।
केंद्रीय एजेंसी ने पिछले साल सितंबर में शिवकुमार, नई दिल्ली में कर्नाटक भवन के कर्मचारी हनुमनतैया और अन्यों के खिलाफ मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था। आयकर विभाग ने कथित कर चोरी और हवाला लेनदेन के लिए बेंगलुरु की एक अदालत में शिवकुमार और अन्यों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था जिसके आधार पर आपराधिक मामला दायर किया गया।