पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा गर्म है। नेताओं पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर आरोप लगाया है कि वह उसी स्थान पर रोड शो कर रही है, जहां भाजपा ने रोड शो किया है। उन्होंने कहा कि अगर टीएमसी को हमारा पालन करना ही है तो वह किसान सम्मान निधि की राशि को किसानों को सौंपने का काम करे।
दिलीप घोष ने कहा, टीएमसी उसी स्थान पर रोड शो कर रही है, जहां भाजपा ने किया। वह भाजपा का अनुसरण कर रही है। लेकिन उन्हें अच्छे उदाहरणों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, टीएमसी ने अभी तक केंद्र सरकार के किसान सम्मान निधि के तहत राज्य के किसानों को 6,000 रुपये की वार्षिक राशि क्यों जारी नहीं की।
पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख ने कहा, अगर दीदी (ममता बनर्जी) केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रस्तुत किए गए पश्चिम बंगाल से संबंधित आंकड़ों और संख्याओं का खंडन करना चाहती हैं, तो उन्हें जनता के समक्ष इन आंकड़ों को सार्वजनिक रूप से पेश करना चाहिए और उन्हें स्पष्ट तरीके से समझाना चाहिए।