कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए गोवा से पार्टी के पूर्व विधायक विश्वजीत राणे ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें अब राजनीति छोड़ देनी चाहिए। राणे ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बात कहा कि ‘दिग्विजय को राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।’ उन्होंने जिस तरह से अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ मिलकर गोवा में गलती की, उससे पार्टी राज्य में बहुमत के बावजूद सरकार बनाने में असफल रही।
राणे ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि दिग्विजय गोवा में कांग्रेस की सरकार बनाना चाहते भी थे या नहीं। उन्होंने जो कुछ किया उसे देखकर तो ऐसा नहीं लगता।’
राणे बृहस्पतिवार को विधानसभा में मनोहर परिकर सरकार के विश्वास मत परीक्षण के दौरान कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर सदन में अनुपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रताप सिंह राणे के बेटे विश्वजीत ने कहा कि गोवा विधानसभा चुनाव में 17 सीटें जीतने के बाद पार्टी कार्यालय में कांग्रेस विधायकदल की बैठक एक ‘मजाक’ थी। यह बैठक लंबे समय तक चली लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ।