धारवाड़ में मंगलवार को एक चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के गिरने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है। बचाव कर्मियों ने अबतक 60 लोगों को मलबे से बाहर निकाला है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है। धारवाड़ की कमिश्नर ने मृतकों के आंकड़े की पुष्टि की।
बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस के अलावा 10 एंबुलेंस और पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ ही चुनावी ड्यूटी पर पहुंचे बीएसएफ के जवान लगे हुए हैं। इसके साथ ही एसडीआरएफ की एक टीम और एनडीआरएफ की दो टीम भी राहत और बचाव कार्य में लगी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ग्राउंड फ्लोर में कई दुकानें थी और बड़ी संख्या में लोग यहां से खरीदारी करते थे। बिल्डर ने घटिया समान का प्रयोग कर बिल्डिंग को चार मंजिला बनाया हुआ था। नींव चार मंजिला इमारत बनने लायक नहीं थी ऊपर से एक और मंजिल का निर्माण हो रहा था।
पुलिस के मुताबिक कर्नाटक के उत्तर में स्थित धारवाड़ में एक चार मंजिला भरभराकर गिर गई। घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। मलबे में फंसे हुए ज्यादातर लोग उत्तर भारत के प्रवासी मजदूर हैं। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया था। उन्होंने मुख्य सचिव को बचाव कार्य पर नजर रखने के साथ ही अनुभवी लोगों के बचाव दल को तुरंत हेलीकॉप्टर से मौके पर भेजने के आदेश दिए थे।