नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने नया दिशा-निर्देश जारी किया है। नए दिशा-निर्देश में एयरलाइन कंपनियों को विमान में हिंदी समाचार पत्र और मैगजीन रखने को कहा गया है। यह नोटिस इसलिए जारी किया गया है ताकि विमान में हिंदी और अंग्रेजी दोनों प्रकार की सामग्री यात्रियों को पढ़ने को मिले।
डीजीसीए के संयुक्त महानिदेशक ललीत गुप्ता ने एयरलाइन कंपनियों को जारी निर्देश पत्र में कहा है कि विमान में हिंदी अखबार और मैगजीन न होना भारत सरकार की आधिकारिक भाषा की नीति के खिलाफ है।
हालांकि डीजीसीए के इस दिशा निर्देश पर कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने चुटकी ली। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि डीजीसीए अब विमान में हिंदी प्रकाशन चाहती है साथ ही शाकाहारी खाना भी!
DGCA now wants Hindi publications served on Indian flights (together with vegetarian meals?)! https://t.co/gpkZVKFcOu
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) July 26, 2017
इस महीने की शुरुआत में एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों में इकोनॉमी क्लास में मांसाहारी खाना बंद कर दिया था। जिसके बाद इस बात को लेकर विवाद हुआ था कि भारत सरकार एक विशिष्ट धार्मिक मानसिकता के तहत काम कर रही है।
हालांकि एयर इंडिया ने इस विवाद पर सफाई देते हुए कहा था कि यह कदम उड़ानों की कीमत कम करने के लिए उठाया गया है।