एअर इंडिया के बेड़े में शामिल ड्रीमलाइनर्स को लेकर देश की नियामक संस्था- नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा है कि कंपनी के 24 विमान ऐसे हैं जिन्हें लेकर कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। दरअसल, अहमदाबाद विमान हादसे में 270 से अधिक लोगों की मौत के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी के मद्देनजर DGCA ने हवाई यात्रा करने वाले लोगों को आश्वस्त करने का प्रयास किया है।
बीते 12 जून को हुए अहमदाबाद एअर इंडिया विमान हादसे के बाद कुछ अन्य विमानों की सेवाएं तकनीकी और परिचालन कारणों से बाधित हुईं। इसी बीच हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, एअर इंडिया के बेड़े में शामिल ड्रीमलाइनर्स को लेकर देश की नियामक संस्था- डीजीसीए ने कहा है कि कंपनी के 24 विमान ऐसे हैं जिन्हें लेकर कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि एअर इंडिया के बेड़े में कुल 33 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हैं। इनमें से 24 सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं। बता दें कि अहमदाबाद के मेघाणीनगर में क्रैश हुई एअर इंडिया की फ्लाइट को लेकर जांच जारी है। हादसे के कारणों का पता नहीं लग सका है।
एअर इंडिया के बेड़े में अभी बोइंग कंपनी के B787-8/9 श्रेणी के 33 विमान हैं।
इनमें 24 विमानों की जांच पूरी हो चुकी है।
अभी चार विमानों की गहन जांच चल रही है।
एक विमान का मूल्यांकन बुधवार, 18 जून को प्रस्तावित।
अहमदाबाद हादसे के दिन यानी 12 जून से 17 जून के बीच एअर इंडिया ने कुल 514 उड़ानें संचालित कीं, इनमें 83 फ्लाइट्स रद्द हुईं।
बीते छह दिनों में एअर इंडिया ने जिन विमानों को रद्द किया इसमें 66 बोइंग 787 बेड़े के हैं।
ड्रीमलाइनर के सबसे अधिक 14 विमान 15 जून को रद्द किए गए।
ईरान और इस्राइल के बीच हवाई हमलों के कारण विमानों को मार्ग बदलना पड़ रहा है
विज्ञापन
डीजीसीए और एअर इंडिया के अधिकारियों की बैठक में पश्चिम एशिया में उपजे तनाव और इस्राइल और ईरान के बीच जारी टकराव के मद्देनजर हवाई क्षेत्रों पर लगाए गए प्रतिबंधों के असर पर भी चर्चा की गई। दरअसल, दोनों देशों के बीच जारी हवाई हमलों के कारण विमानों का मार्ग बदलना पड़ रहा है। इस कारण टेकऑफ और लैंडिंग में देरी हो रही है। तमाम चुनौतियों को मद्देनजर रखते हुए DGCA ने एअर इंडिया को रियल टाइम रिपोर्टिंग प्रणाली विकसित करके वास्तविक समय के आधार पर रूटिंग रणनीति बनाने की सलाह दी है।
अहमदाबाद के मेघाणीनगर में एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त
- फोटो : अमर उजाला
एअर इंडिया को समन्वय बेहतर करने की सलाह दी गई
डीजीसीए ने मंगलवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में विमानन नियामक ने कहा कि एअर इंडिया को इंजीनियरिंग, परिचालन और ग्राउंड हैंडलिंग इकाइयों में आंतरिक समन्वय को मजबूत करने की जरूरत है। डीजीसीए ने इस संबंध में एअर इंडिया को जरूरी एडवाइजरी दी है। नागर विमानन महानिदेशालय के मुताबिक समीक्षा के दौरान 24 बोइंग 787 विमानों में कोई सुरक्षा संबंधी चिंता नहीं पाई गई।
एअर इंडिया विमान हादसे के बाद सैंड आर्टिस्ट पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने दी श्रद्धांजलि (फाइल)
- फोटो : PTI
केंद्रीय मंत्री बोले- अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर जांच समिति 3 महीने में रिपोर्ट सौंपेगी
अहमदाबाद में हुई एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच के लिए केंद्र सरकार ने समिति गठित की है। यह उच्च स्तरीय बहु-विषयक समिति तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने मंगलवार को पुणे में एक सवाल के जवाब में कहा, एअर इंडिया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर श्रेणी के 34 विमान संचालित करती है। इन विमानों में से 12 की सुरक्षा जांच की जा चुकी है। अब तक कोई समस्या नहीं पाई गई है।
एअर इंडिया विमान हादसा
- फोटो : amarujala.com
13 जून को उच्च स्तरीय पैनल का गठन हुआ
हादसे के बाद टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आश्वस्त किया है कि कंपनी किसी भी तरह की जानकारी को छिपाएगी नहीं। उन्होंने कहा था कि हादसे की जांच के बाद टाटा पूरी पारदर्शिता के साथ तथ्यों को सार्वजनिक करेगी। बता दें कि केंद्र सरकार ने हादसे के अगले ही दिन, यानी 13 जून को उच्च स्तरीय पैनल का गठन कर जांच के आदेश दिए थे। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह साफ किया था कि विमान हादसे के बाद संबंधित संगठनों की तरफ से भी जांच हो रही है। ऐसे में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता वाले पैनल की जांच अन्य जांचों का विकल्प नहीं होगा।
'ब्लैक बॉक्स' विश्लेषण के बाद कई चीजें सामने आएंगी
हादसे के पांच दिन बाद जांच की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मोहोल के अनुसार जांच चल रही है। हर छोटी-छोटी सूचना की जांच की जाएगी। 'ब्लैक बॉक्स' विश्लेषण के बाद कई चीजें सामने आएंगी। रिपोर्ट तीन महीने के भीतर प्रस्तुत की जाएगी। बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैक बॉक्स में फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल हैं।
अहमदाबाद के रिहायशी इलाके में गिरा एअर इंडिया विमान
- फोटो : अमर उजाला
कब और कहां हुआ हादसा; हताहतों की संख्या कितनी
बता दें कि एअर इंडिया का अत्याधुनिक विमान- बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 बीते 12 जून को अहमदाबाद के मेघाणीनगर में उड़ान भरने के कुछ ही सेकेंड्स बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में 12 क्रू के सदस्य थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे के समय मेघाणीनगर में मौजूद कई लोग हताहत हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुजरात के पूर्व सीएम रूपाणी का भी निधन
हादसे के बाद एअर इंडिया ने एक करोड़ 25 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। एअर इंडिया विमान संख्या- एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था। बोइंग 787-8 एयरक्राफ्ट वीटी-एएनबी श्रेणी का था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। फ्लाइट क्यों क्रैश हुई इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।