देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र और देश में अलग-अलग जगहों पर उत्साह के साथ गणपति विसर्जन जारी है। बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर गणपति विसर्जन में हिस्सा ले रहे हैं। मुंबई में लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। कई गणेश मंडल भगवान गणेश के विसर्जन के लिए मुंबई के समुद्र तट पर जुटने लगे हैं। बारिश के बीच मुंबई के जुहू बीच पर लोग भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन कर रहे हैं। इस दौरान समुद्र तट पर लाइफगार्ड और एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं।
इस बीच खबर आ रही है कि मुंबई के जुहू तट पर सुरक्षा के लिए एक युवक बिजली की चपेट में आ गया जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेज दिया गया। गणपति विसर्जन के उत्साह के बीच मुंबई में बारिश भी जारी है। कई जगहों पर बिजली चमक रही है और गरज के साथ बारिश भी हो रही है। कुछ इलाको में भारती बारिश भी हो रही है। गणपति विसर्जन के लिए लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। युवक पर आकाशीय बिजली गिरने की घटना केबाद पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मुंबई के लालबाग चा राजा से भगवान गणेश की मूर्ति को लोगों की भारी भीड़ के बीच विसर्जन के लिए समुद्र तट की ओर ले जाया जा रहा है। मुंबई के साथ ही पुणे में भी भगवान गणेश की मूर्ति के विसर्जन का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर इकट्ठा हुए हैं।
सुरक्षा के लिए 19 हजार पुलिस जवान और 1337 गोताखोरों को किया गया तैनात
मुंबई के गणेश उत्सव के आखिरी दिन गुरुवार को गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निकाले जाने वाले जुलूसों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने केलिए 19 हजार से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने भी लोगों से विसर्जन के दौरान अंधेरे वाली जगहों या सुनसान इलकों से दूर रहने की अपील की है। एक अधिकारी ने बताया है कि गणपति विसर्जन को देखते हुए 1,337 गोताखोर भी तैनात किए गए हैं।
मुंबई में लगभग 8,000 मूर्तियों का विसर्जन, जुहू बीच पर किशोर की मौत
ढोल नगाड़ों की थाप और 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के बीच देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित महाराष्ट्र में 10 दिवसीय गणेशोत्सव का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। विभिन्न सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों ने ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’, अगले बरस तू जल्दी आ... के जयघोष के साथ विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इसी के साथ यहां 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन हो गया।
आकर्षण का केंद्र रही लालबाग के राजा की प्रतिमा
लालबाग के राजा की गणेश प्रतिमा का विसर्जन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। अपने प्रिय देवता की एक झलक पाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि कुल 7,950 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया, जिनमें 7,513 घरेलू प्रतिमाएं, 329 सार्वजनिक मूर्तियां और देवी गौरी की 108 मूर्तियां शामिल हैं। मूर्ति विसर्जन के दौरान एक लड़का हसन यूसुफ शेख (16) समुद्र में बह गया। उसे लाइफगार्डों ने बाहर निकाला और पास के कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लालबाग के राजा की प्रतिमा के विसर्जन में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी
19 सितंबर को ‘गणेश चतुर्थी’ के साथ शुरू हुआ यह गणेशोत्सव गुरुवार को ‘अनंत चतुर्दशी’ पर समाप्त हो गया। प्रतिमाओं का विसर्जन अरब सागर और अन्य जलाशयों में किया गया। प्रसिद्ध लालबाग के राजा की प्रतिमा के विसर्जन में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। यहां यात्रा दोपहर 11.30 बजे शुरू हुई। बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त सड़कों के दोनों ओर इंतजार करते दिखे। गणेश प्रतिमाओं पर ‘पुष्पवृष्टि’ देखने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। दक्षिण मुंबई में गिरगांव चौपाटी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग से सबसे ज्यादा विसर्जन जुलूस गुजरते रहे। इसके अलावा फोर्ट, गिरगांव, मझगांव, भायखला, दादर, माटुंगा, सायन, चेंबूर और अन्य क्षेत्रों से विसर्जन के लिए गणेश प्रतिमाएं गुजरती रहीं।
सीएम और डिप्टी सीएम गिरगांव चौपाटी पहुंचे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गणेश विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी पहुंचे।
गणपति विसर्जन के दौरान नासिक में दो की मौत, तीन लापता
नासिक में गणपति विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि पहली घटना में प्रसाद सुनील दराडे (18) और उनके दोस्त रोहित वैद्यनाथ नागरगोजे (22) चेहेदी में वालदेवी नदी में डूब गए। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में, हेमंत कैलास सतपुते (35) नामक व्यक्ति के वडनेर में वालदेवी नदी में डूबने की आशंका है। तलाशी अभियान जारी है। पुलिस ने कहा कि रामकुंड के पास गौरी पटांगन इलाके में गोदावरी नदी में दो लोगों के डूबने की आशंका है। अधिकारी ने कहा कि उनके शव बरामद नहीं हुए हैं और तलाशी अभियान जारी है।