महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस के साथ किसी तरह के गठजोड़ से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे के साथ इस तरह की कोई बातचीत नहीं चल रही है। हमारी विचारधारा पूरी तरह अलग है।
मंगलवार को हुई थी मुलाकात
बता दें कि मंगलवार को फडणवीस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के बीच मुलाकात हुई थी। इसके एक दिन बाद महाराष्ट्र में जारी अटकलों के दौर के बीच भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को कहा था कि भविष्य में कुछ भी हो सकता है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस और राज ठाकरे के बीच मंगलवार को प्रभादेवी में मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात करीब दो घंटे तक चली।
प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य के आलोक में फडणवीस और राज ठाकरे के बीच हुई मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा था कि किसी को भी यह उम्मीद नहीं थी कि शिव सेना कांग्रेस राकांपा के साथ हाथ मिलाएगी।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच यह औपचारिक भेंट थी इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं है लेकिन भविष्य में कुछ भी हो सकता है।
फडणवीस कैबिनेट में रह चुके भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी ने भी इस बात का अंदाजा नहीं लगाया था कि शिवसेना कांग्रेस राकांपा के साथ जाएगी। लोग ऐसी बात करने वाले किसी भी व्यक्ति को पागल कहेंगे लेकिन ऐसा हुआ है।