हरियाणा में हिंसक जाट आंदोलन के दौरान मुरथल में महिलाओं के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला बुधवार को लोकसभा में उठा। इनेलो के सदस्य दुष्यंत चौटाला ने इस मामले में मीडिया की ओर से की गई गलत रिपोर्टिंग की तीखी आलोचना की। उन्होंने दुष्कर्म की खबरें छापने वाले समाचार पत्र और खबर प्रसारित करने वाले टीवी चैनल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
चौटाला ने कहा कि मुरथल कांड पर एक समाचार पत्र और एक टीवी चैनल ने गैर जिम्मेदारी भरी रिपोर्टिंग की। मीडिया का दावा था कि आंदोलन के दौरान मुरथल में महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी, जबकि वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ था।
सांसद ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया। राज्य सरकार ने भी जांच कराई। इस घटना के पीड़ितों और गवाहों से सामने आने की अपील की गई। इसके बावजूद कोई सामने नहीं आया। इससे गलत रिपोर्टिंग की बात साबित होती है।