उपद्रव में शामिल लोगों में कुछ बेहद प्रभावशाली
एएमयू में 23 अप्रैल की रात्रि में दो छात्र गुटों के बीच हिंसक झड़प एवं कैंपस में आगजनी की घटना की जांच के लिए कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सीबीआई या एसटीएफ जांच कराने की मांग की है। इसकी खबर मिलने के बाद कैंपस में खलबली मच गई है। यदि सीबीआई जांच हुआ तो कई चेहरे बेनकाब होंगे।
करीब सात महीने पहले एएमयू छात्र आलमगीर की दिन दहाड़े कैंपस में गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी। कैंपस का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। छात्रों के दबाव को देखते हुए एएमयू कुलपति लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिले और आलमगीर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह एवं स्थानीय प्रशासन को भी सीबीआई जांच के लिए लिखा था। लेकिन आलमगीर हत्याकांड की सीबीआई जांच नहीं हो सकी। अब एएमयू की ताजा हिंसक घटना के बाद कुलपति ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से सीबीआई या एसटीएफ से घटना की जांच कराने की मांग की है।