कोर्ट के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने स्पाइस जेट कंपनी के एमडी अजय सिंह सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। दक्षिण जिले के ग्रेटर कैलाश थाने में पुनीत दीवान की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्पाइस जेट कंपनी ने उसके साथ दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
25 जनवरी को दर्ज हुए इस मामले में पुनीत दीवान का कहना है कि वह एयर एविएशन इंडस्ट्री के लिए कंसलटेंसी देने का काम करता है। पिछले साल हुए एग्रीमेंट के मुताबिक, कंपनी के एमडी अजय सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने उसे भरोसा दिया था कि वे समय-समय पर उसकी कंसलटेंसी सर्विस का भुगतान करते रहेंगे।
बतौर पुनीत, मैंने स्पाइस जैट को लॉजिस्टिक सर्विस, वेयरहाउसिंग बिजनेस और सामान्य नियमित लाइजनिंग में भी सेवाएं प्रदान की हैं। गत वर्ष 30 सितंबर को उसे एक करोड़ रुपये का चेक दिया गया। जब वह चेक को बैंक में जमा कराने के लिए गया तो मालूम हुआ कि कंपनी की ओर से इस चेक की पेमेंट रोक दी गई है। शिकायतकर्ता को यह सुनकर धक्का लगा।
उसके बाद पुनीत ने पुलिस को सारे मामले की जानकारी देकर आरोपी स्पाइस जैट कंपनी के एमडी अजय सिंह, डायरेक्टर अनुराग भार्गव, हर्षवर्धन सिंह, राघवन शशिप्रभु, शिवानी सिंह, किरण कुमार कोटेश्वर और चंदन आदि के खिलाफ आईपीसी की धारा 415, 417, 418, 420 और 120बी के तहत मामला दर्ज करने की मांग की।
जब इस मामले में पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो शिकायतकर्ता ने कोर्ट की शरण ली। अदालत ने इस मामले की सुनवाई के बाद पुलिस को धोखाधड़ी का केस दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। मामले की जांच की जा रही है।