देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर अब थोड़ी थमती नजर आ रही है लेकिन कोविड से होने वाली दैनिक मौतों का आंकड़ा अभी भी तीन हजार के ऊपर आ रहा है। दूसरी लहर के तहत कोरोना के दैनिक संक्रमित मामले तो एक लाख से कम आने लगे हैं लेकिन जानकारों ने कोरोना की तीसरी लहर के आने की भी चेतावनी जारी की हुई है। दिल्ली, गुजरात और केरल समेत कई राज्य ऐसे हैं, जिन्होंने संभावित तीसरी लहर की तैयारी पहले से की हुई है। आइए जानते हैं कि इन राज्यों ने क्या-क्या और कितनी तैयारियां पहले से की हुई हैं...
1. दिल्ली
तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए दिल्ली में 27 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट संयंत्रों को चालू कर दिया गया है। इसके अलावा दिल्ली में ही केंद्र सरकार पहले ही छह संयंत्र चालू कर चुकी है और सात करने बाकी हैं। वहीं जुलाई तक दिल्ली में 17 और संयंत्र शुरू होंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार ऑक्सीजन टैंकर भी खरीद रही है। दिल्ली में तीसरी लहर से निपटने के लिए राज्य सरकार ने दो समितियों का गठन किया है। इसमें से एक में आठ सदस्य होंगे और दूसरे में 13 अधिकारी हैं। ये समिति स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने और तीसरी लहर से निपटने के लिए एक्शन प्लान तैयार करेगी।