तीनों नगर निगमों ने आठ बड़े अस्पतालों, सैकड़ों कम्यूनिटी सेंटर, डॉक्टरों-नर्सों की सेवाएं देने की पेशकश की, कोरोना के सर्वोच्च काल में लोगों को इलाज देने में होगी सुविधा।
कोरोना संक्रमण के मामले में सबसे ज्यादा संख्या ऐसे रोगियों की होती है, जिनमें या तो कोई लक्षण नहीं पाए जाते हैं या माइल्ड लक्षण दिखाई पड़ते हैं। ऐसे रोगियों की संख्या कुल रोगियों की 80 फीसदी तक पाई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इन रोगियों की देखभाल के लिए स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सामान्य प्रशिक्षित नर्स या पारामेडिकल स्टाफ भी इनकी देखरेख कर सकते हैं।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पास एक पोलीक्लिनिक, सात मैटरनिटी होम, एक लेप्रोसी होम, 23 एम एंड सीडब्ल्यू सेंटर, 10 डिस्पेंसरी, 8 मॉडर्न डिस्पेंसरी हैं। इसके अलावा कई होटल, 71 कम्यूनिटी हॉल, 227 स्कूल बिल्डिंग हैं जिन्हें जरूरत पड़ने पर कोरोना वार्ड में तब्दील किया जा सकता है।
कोरोना की लड़ाई में उत्तरी दिल्ली नगर निगम भी बड़ी भूमिका निभा सकता है, क्योंकि इसके पास भी इंफ्रास्ट्रक्चर का अच्छा ढांचा मौजूद है। निगम के चेयरमैन अवतार सिंह ने बताया कि उनके पास 119 कम्युनिटी हॉल, चार स्टेडियम, चार स्पोर्ट्स क्लब हैं, जिन्हें सरकार किसी भी समय कोरोना वार्ड में तब्दील कर सकती है। विभिन्न अस्पतालों में 2377 बेड भी उपलब्ध हैं। निगम के बाड़ा हिन्दू राव अस्पताल को रविवार को ही कोविड सेवाओं के लिए ले लिया गया है।
दिल्ली की पॉश एरिया माने जाने वाले दक्षिणी नगर निगम में भी पर्याप्त सुविधाएं हैं, जिनका कोरोना की लड़ाई में उपयोग किया जा सकता है। निगम के पास 71 कम्युनिटी सेंटर और एक बड़ा स्पोर्ट्स ग्राउंड है। कुल अस्पतालों में 120 बेड भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा एरिया के विभिन्न इलाकों में अनेक छोटे-बड़े होटल हैं जिन्हें जरूरत पड़ने पर कोरोना वार्ड की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के चेयरमैन डॉक्टर अरविंद चोपड़ा ने कहा कि अगर किसी मरीज में कोई अन्य बीमारियाँ न हों तो कोरोना इलाज के मामले में ज्यादा कठिनाई नहीं आती है। इलाज के दौरान मरीज का रक्तचाप, हृदयगति की माप रखने जैसे सामान्य देखभाल की आवश्यकता होती है जिसे कोई सामान्य प्रशिक्षित व्यक्ति भी कर सकता है। इस दौरान कुछ सामान्य दवाओं को ही देना होता है। इस प्रकार इस लड़ाई में सामुदायिक सेवाओं को साथ लेने से यह लड़ाई मजबूत हो जाएगी।