केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी। शाह ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में 47 चुनावी सभाएं कीं जिनमें 35 रैलियां और नौ रोड शो शामिल हैं। अमित शाह ने 13 दिनों में 35 रैलियां कीं। वहीं, भाजपा के नए अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लगभग 40 बैठकों और रोड शो में भाग लिया।
पीएम मोदी ने भी संभाला मोर्चा
दिल्ली चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी पार्टी के लिए प्रचार किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी पांच चुनावी सभाओं में भाग लिया जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस तरह की नौ बैठकों का हिस्सा बने।
यूपी के सीएम के निशाने पर रहा शाहीन बाग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दिल्ली विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने शाहीन बाग पर निशाना साधा। शाहीन बाग में सीएए और एनआरसी के विरोध मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ ने भी वोट बटोरने की कोशिश की। आदित्यनाथ ने ज्यादातर राष्ट्रीय राजधानी के पूर्वांचली बहुल इलाकों में चुनाव प्रचार किया।