अग्निपथ भर्ती योजना के खिलाफ देशभर में चौथे दिन हिंसक प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने रक्षा मंत्रालय की 16 पीएसयू समेत अन्य नौकरियों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और असम राइफल्स में अग्निवीरों को दस फीसदी आरक्षण का शनिवार को एलान किया। सीएपीएफ और असम राइफल्स में भर्ती के लिए अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष और अग्निवीर के पहले बैच के लिए सभी को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी जाएगी।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष युवाओं को उकसाने में गिरफ्तार
सहारनपुर में युवाओं को आंदोलन के लिए उकसाने के आरोप में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष पराग कुमार समेत 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दक्षिण, पश्चिम भारत में भी विरोध बिहार के 15 जिलों में इंटरनेट बंद
सेना भर्ती की अग्निपथ योजना के खिलाफ देश भर में जारी विरोध की आंच उत्तर भारत से आगे बढ़कर दक्षिण में कर्नाटक और केरल व पश्चिम में गुजरात और महाराष्ट्र तक पहुंच गई। इन सभी राज्यों में कई जगह युवाओं ने सड़क पर उतर कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के तहत बिहार में उपद्रवियों ने अरवल में एक एंबुलेंस पर हमला किया जिसमें मरीज और ड्राइवर दोनों घायल हैं। औरंगाबाद के गोह प्रखंड में थाने पर हुए हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उपद्र्रवियों ने जहानाबाद में बस और ट्रक को फूंक डाला है। बक्सर में प्रोटेस्ट कर रहे लोगों पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की।
बिहार में प्रदर्शनकारियों ने बंद की अपील की थी जिसे विपक्षी राजद, कांग्रेस, वाम दलों और आप ने समर्थन दिया था। बंद के दौरान कई जिलों में जबरन दुकानें बंद कराई गईं और पथराव किया गया। राज्य के 15 जिलों में इंटरनेट सेवा अगले तीन दिन बंद रहेगी। पश्चिम बंगाल में प्रदर्शनकारियों के पटरियों पर उतरने के कारण उत्तर 24 परगना जिले में सियालदह-बैरकपुर रूट पर गाड़ियों का परिचालन एक घंटे बाधित रहा। कोलकाता में सीएम ममता के आवास तक जाने का प्रयास करते युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
योजना दिशाहीन, कांग्रेस युवाओं के साथ : सोनिया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अस्पताल से बयान जारी कर अग्निपथ योजना का विरोध किया है और युवाओं से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने की अपील की है। उन्होंने इस योजना को पूरी तरह दिशाहीन बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस विरोध में युवाओं के साथ है और इसे वापस लेने के लिए संघर्ष करेगी।
अग्निवीरों को आसानी से कर्ज राज्य सरकारों में नौकरियों समेत और कई सुविधाएं मिलेंगी
वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव ने अग्निवीरों को आसानी से कर्ज उपलब्ध कराने के लिए बैंकों, सरकारी बीमा कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के साथ बैठक की। इसमें तय किया है कि अग्निवीरों को उनकी दक्षता और शैक्षिक योग्यता के हिसाब से स्वरोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे।