रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को अपने अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर वार्ता हुई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके इस वार्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अमेरिकी रक्षा सचिव से पाकिस्तान के F-16 बेड़े के लिए पैकेज प्रदान करने के अमेरिकी सरकार के निर्णय पर भारत की चिंता जाहिर की।
दरअसल, बाइडन प्रशासन ने आठ सितंबर को पाकिस्तान को एफ-16 युद्धक विमानों के वास्ते 45 करोड़ डॉलर की मदद देने की मंजूरी दी थी। पिछले चार सालों में वाशिंगटन की ओर से इस्लामाबाद को दी गई यह पहली बड़ी सुरक्षा सहायता है।
भारत ने इसे लेकर चिंता जताई है। वहीं, भारत की चिंताओं से इतर अमेरिका ने अपने इस कदम को जायज ठहराया है। अमेरिका ने कहा है कि ये सहायता अमेरिका और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों का अहम हिस्सा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि हमने हाल ही में कांग्रेस (संसद) को अवगत कराया है कि हम पाकिस्तानी वायु सेना के एफ-16 विमानों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 45 करोड़ डॉलर देने जा रहे हैं।