चीन के तमाम वादों के बावजूद भारत लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास पूरे इलाके पर पैनी नजर रख रहा है। साथ ही किसी भी हिमाकत का माकूल जवाब देने के लिए सेना को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को लेकर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं है। हम नियंत्रण रेखा का पूरी तरह सम्मान करते हैं और एलएसी पर यथास्थिति में कोई बदलाव मंजूर नहीं होगा। दोनों पक्ष इस पर सहमत हैं कि पहले से बनी चौकियों पर सैनिकों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्वी लद्दाख में तनाव समाप्त करने के लिए सेनाओं को पीछे हटाने की प्रक्रिया जारी है। यह जटिल प्रक्रिया है और इस मामले में तथ्यहीन खबरों से बचना चाहिए।
भारत ने कहा, दक्षिण चीन सागर पूरे विश्व का हिस्सा है और वह इस क्षेत्र में मुक्त आवाजाही का पक्षधर है। साथ ही कहा, भारत इस इलाके में शांति व स्थिरता चाहता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, भारत चाहता है कि इस अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग के इस्तेमाल की आजादी सभी को मिले। उन्होंने अमेरिका द्वारा दक्षिण चीन सागर के ज्यादातर हिस्से पर चीन के दावे को खारिज करने के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा, दक्षिण चीन सागर पर भारत पहले भी कई बार अपना रुख स्पष्ट कर चुका है।